संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव फंदे से लटका मिला, पारिवारिक कलह की आशंका
Shravasti News - उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले के नरपतपुर में एक युवक का शव संदिग्ध हालात में फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान 28 वर्षीय रिजवान के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और प्रथम दृष्टया इसे पारिवारिक कलह से प्रेरित माना जा रहा है।

कटरा (श्रावस्ती),संवाददाता। उत्तर प्रदेश में श्रावस्ती जिले के नवीन मॉडर्न पुलिस थाना क्षेत्र के नरपतपुर के मजरा तौवाब पुरवा में शनिवार को एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटका मिला। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। तौवाब पुरवा निवासी रिजवान पुत्र मोहम्मद हसन उम्र 28 वर्ष का शव फांसी के फंदे से लटका पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही नवीन मॉडर्न पुलिस थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और शव को अपने कब्जे में ले लिया। इसके साथ ही परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी गई।पुलिस क्षेत्राधिकारी इकौना भरत पासवान ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह घटना पारिवारिक कलह से प्रेरित प्रतीत होती है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले के हर पहलू से जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


