Shravasti News: 8338 किसानों के खाते में पहुंचे 3.90 करोड़ रुपये
Shravasti News: श्रावस्ती में खराब मौसम और राप्ती नदी का जलस्तर बढ़ने से फसल नुकसान झेलने वाले 8,338 किसानों के खातों में 3.90 करोड़ रुपये की सहायता भेजी गई। सितंबर और अक्टूबर में 2,296.547 हेक्टेयर फसल प्रभावित हुई थी। प्रशासन ने सर्वेक्षण के बाद राहत वितरित की। जिले में फसल, जनहानि, पशुहानि और मकान क्षति के लिए अब तक कुल 4.39 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है।

Shravasti News: श्रावस्ती,संवाददाता। खराब मौसम व राप्ती नदी का जलस्तर बढ़ने से फसल बर्बाद होने वाले किसानों को राहत मिली है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में 8338 किसानों के बैंक खातों में तीन करोड़ 90 लाख रुपए की सहायता राशि ऑनलाइन भेजी गई। गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर सहायता राशि वितरण की शुरुआत की। इसके बाद जिले में विधायक राम फेरन पाण्डेय व डीएम अन्नपूर्णा गर्ग की मौजूदगी में किसानों के खातों में धनराशि भेजी गई। जिले में 25 व 26 सितंबर तथा आठ अक्टूबर को अचानक मौसम खराब होने व राप्ती नदी का जलस्तर बढ़ने से 2296.547 हेक्टेयर फसल को नुकसान पहुंचा था।
प्रशासन ने सर्वेक्षण कराकर प्रभावित किसानों को सहायता उपलब्ध कराई। विधायक ने कहा कि आपदा के 10 दिन के भीतर सर्वेक्षण कराकर किसानों के खातों में सहायता राशि भेजना सराहनीय कदम है। सरकार ने फसल नुकसान के अलावा जनहानि, पशुहानि व मकान क्षति से प्रभावित परिवारों को भी आर्थिक मदद दी है। डीएम ने बताया कि आपदा के तत्काल बाद टीमें गठित कर नुकसान का सर्वे कराया गया। छुट्टियों के दौरान भी अधिकारियों व कर्मचारियों ने प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाने के लिए लगातार काम किया। उन्होंने इस कार्य में जुटे सभी कर्मचारियों व अधिकारियों की सराहना भी की। डीएम के मुताबिक जिले में अब तक चार लोगों की जनहानि, पांच पशुओं की मौत, 595 मकानों की क्षति और 2296.547 हेक्टेयर फसल नुकसान के सापेक्ष कुल चार करोड़ 39 लाख 35 हजार 299 रुपये की सहायता राशि वितरित की जा चुकी है। कार्यक्रम का संचालन आपदा विशेषज्ञ अरुण कुमार मिश्र ने किया। इस दौरान एडीएम ललित कुमार, एसडीएम प्रवीण यादव, जमुनहा एसडीएम रवि प्रताप सिंह, भिनगा एसडीएम आशीष भारद्वाज, इकौना एसडीएम रवेन्द्र कुमार सहित तहसीलदार, नायब तहसीलदार, लेखपाल, राजस्व निरीक्षक व लाभार्थी मौजूद रहे।

