Shravasti News: इंटरलॉकिंग न लगने से बदहाल है विधायक पुरवा का संपर्क मार्ग, स्कूली बच्चों को परेशानी
Shravasti News: जमुनहा, श्रावस्ती में ग्रामीणों ने विकास कार्य अधूरा होने पर आक्रोश व्यक्त किया है। साल 2022-23 में नाली का निर्माण तो हुआ, लेकिन इंटरलॉकिंग नहीं होने से जलभराव और गड्ढे बढ़ गए हैं। इससे स्कूल जाने वाले बच्चों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण जल्द इंटरलॉकिंग की मांग कर रहे हैं।
Shravasti News: जमुनहा, श्रावस्ती। विकास खंड जमुनहा की ग्राम पंचायत जमुनहा भवानियापुर के मजरा विधायक पुरवा (द्वारिकागाँव बाग) में विकास कार्य अधूरा होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों के अनुसार, वर्ष 2022-23 में जोगी के घर से पिच रोड तक नाली का निर्माण कराया गया था, लेकिन उसके बाद मार्ग पर इंटरलॉकिंग नहीं लगाई गई। नाली पटने से गंदा पानी सड़क पर भरने लगा, जिससे मार्ग उबड़-खाबड़ और गड्ढायुक्त हो गया है। बरसात में जलभराव से आवागमन बाधित है। जलभराव से बचने के लिए मार्ग पर ईंटों के रोड़े डाले गए हैं, जिससे रास्ता और खतरनाक हो गया है। दोपहिया और पैदल चलना मुश्किल हो रहा है।
सबसे अधिक परेशानी प्राथमिक विद्यालय विधायक पुरवा में पढ़ने वाले बच्चों को हो रही है। इसी बदहाल मार्ग से रोज स्कूल आना-जाना पड़ता है, कई बार बच्चे कीचड़ में फिसलकर गिर जाते हैं। ग्रामीणों ने जोगी के घर से पिच रोड तक जल्द इंटरलॉकिंग की मांग की है। इस संबंध में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि असरार आलम ने बताया कि 150 मीटर इंटरलॉकिंग कार्य को कार्ययोजना में शामिल किया गया है, जल्द ही मार्ग सुगम होगा।


