समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना हम सब की जिम्मेदारी- लू
Shravasti News - श्रावस्ती में अपर मुख्य सचिव एल वेंकटेश्वर लू ने एक दिवसीय कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने राप्ती नदी में डूबते बच्चों को बचाने वाले मंगली प्रसाद को सम्मानित किया। संगोष्ठी में नशा मुक्त और विकसित भारत के लक्ष्य पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने मद्य निषेध और नशा मुक्ति के लिए कार्ययोजना पर विचार किया।

श्रावस्ती,संवाददाता। अपर मुख्य सचिव समाज कल्याण एवं सैनिक कल्याण विभाग एल वेंकटेश्वर लू एक दिवसीय कार्यक्रम में श्रावस्ती पहुंचे। उन्होंने कलेक्ट्रेट में आयोजित कर्मयोग, मद्य निषेध एवं विकसित भारत संगोष्ठी में प्रतिभाग किया। इसके साथ ही तीन बच्चों को राप्ती नदी में डूबने से बचाने वाले मंगली प्रसाद को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। अपर मुख्य सचिव के श्रावस्ती पहुंचने पर डीएम अश्विनी कुमार पाण्डेय,एडीएम अमरेन्द्र कुमार वर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी डा अमरनाथ यति ने स्वागत किया। इसके बाद कर्मयोग, मद्य निषेध एवं विकसित भारत संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। संगोष्ठी में अपर मुख्य सचिव ने विभिन्न अधिकारियों और प्रबुद्धजनों के साथ नशा मुक्त और आध्यात्मिक रूप से सशक्त राष्ट्र के माध्यम से 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य पर चर्चा की।
इस दौरान कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना हम सब की जिम्मेदारी है। वरिष्ठ अधिकारियों, प्रबुद्धजनों और अन्य स्टेक होल्डर्स ने मिलकर मद्य निषेध और नशा मुक्ति के लिए कार्ययोजना पर विचार विमर्श किया। विकसित भारत के निर्माण में नशे को बाधक बताते हुए इसके उन्मूलन के लिए जन जागरूकता पर जोर दिया गया। अधिकारियों और नागरिकों को अपने दायित्वों को कर्मयोग की भावना से निभाने के लिए प्रोत्साहित किया।कार्यक्रम के दौरान तहसील जमुनहा के ग्राम संगम पुरवा में होली के दिन राप्ती नदी में डूब रहे 04 बच्चों में से 03 बच्चों को अपनी जान पर खेल कर बचाने वाले मंगली पुत्र सुभाष चन्द्र को अपर मुख्य सचिव एवं जिलाधिकारी ने 5100 रुपये नगद पुरस्कार, अंगवस्त्र, किचन सेट, कम्बल, तिरपाल एवं लाइफ जैकेट प्रदान कर उसके कार्य की सराहना की। जिलाधिकारी ने मंगली का नाम जीवन रक्षा पदक के लिए भेजने का प्रस्ताव किया। इसके साथ ही डेनमहामंकोल के प्रतिनिधियों को अंगवस्त्र एवं गीता देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रतिनिधि डा संजय चतुर्वेदी, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के विभाग प्रचारक कृष्ण कुमार, संत कबीर अध्यात्म संस्थान के प्रतिनिधि प्रांजलदास, समाज सेवी एवं योग शिक्षक नागेश कुमार, परियोजना निदेशक अश्वनी कुमार, आपदा विशेषज्ञ अरुण कुमार मिश्र सहित अन्य गणमान्य नागरिक, प्रबुद्धजन एवं स्कूली छात्र-छात्राएं तथा भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


