मंदिरों में पूजा तो कहीं केक काटकर मनाया जश्न
Shravasti News - श्रावस्ती में नए साल का जश्न धूमधाम से मनाया गया। मंदिरों और प्रमुख स्थलों पर पर्यटकों की भारी भीड़ रही। लोग पूजा पाठ कर नए साल का स्वागत करते रहे। बौद्धस्थली श्रावस्ती और सोहेलवा जंगल में दिन भर चहल पहल रही। पर्यटकों ने विभिन्न स्थलों पर मस्ती की और पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने में कठिनाई हुई।

श्रावस्ती, कटरा संवाददाता। नये साल का जश्न धूमधाम से मनाया गया। जिले भर के मंदिरों व प्रमुख स्थलों पर पर्यटकों की भारी भीड़ रही। लोगों ने मंदिरों में पूजा पाठ करके नए साल का स्वागत किया। अंतर्राष्ट्रीय बौद्धस्थली श्रावस्ती और सोहेलवा जंगल में नेपाल सीमा पर स्थित सोनपथरी आश्रम में दिन भर खूब चहल पहल रही। इसी तरह से जमुनहा के जगपतिधाम मंदिर में भी लोगों की भीड़ रही। अंग्रेजी वर्ष का नया साल 2026 गुरुवार से शुरू हो गया। नए साल के स्वागत के लिए बौद्ध स्थली श्रावस्ती में जश्न का माहौल रहा। गुरुवार को मौसम भी ठीक रहा अच्छी धूप का मजा लेते हुए दिन भर कार्यक्रम होते रहे।
अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थली श्रावस्ती देशी एवं विदेशी सैलानी से गुलजार रही। कहीं केक काट कर तो कहीं रील बना कर थिरकते हुए युवाओं ने नए साल का स्वागत किया। श्रावस्ती के विभिन्न स्थलों पर पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिली। इन पर्यटकों में बलरामपुर, बहराइच, गोण्डा, लखीमपुर खीरी, लखनऊ, कानपुर सहित अन्य क्षेत्रों के पर्यटक शामिल रहे। श्रावस्ती स्थित जेतवन विहार के गंध कुटी, आनन्द बोधि वृक्ष, संघाराम, राहुल कुटी, उपाली कुटी, सारीपुत्त स्तूप सहित अन्य स्थलों पर सुबह से ही भारी भीड़ देखने को मिली। यही हाल महेट के सुदत्त सेठ स्तूप, अंगुलीमाल, संभवनाथ कुटी का रहा। इसके साथ ही ओड़ाझार, विश्व शान्ति घण्टा पार्क सहित थाईलैंड बुद्ध मन्दिर, श्रीलंका बुद्ध मन्दिर, चाइना बुद्ध मन्दिर, कोरिया बुद्ध मन्दिर, कंबोडिया बुद्ध मन्दिर, जैन दिगम्बर मन्दिर समेत अन्य मन्दिरों में भी पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिली। जेतवन परिसर में मस्ती करने वाले युवकों और युवतियों ने सेल्फी ली और रील बनाने में जुटे रहे। श्रावस्ती के विभिन्न स्थलों पर लोगों ने खूब मस्ती की। नववर्ष के अवसर पर श्रावस्ती के धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों पर देशी विदेशी पर्यटकों की भारी भीड़ रही। नव वर्ष के जश्न में डूबे पर्यटकों को काबू करने और सड़क पर जाम हटवाने के लिए पुलिस कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इसी तरह से सोहेलवा जंगल में नेपाल सीमा पर स्थित सोनपथरी आश्रम में भी पर्यटकों की भारी भीड़ रही। लोगों ने जंगल, पहाड़ और नाले के प्राकृतिक दृश्यों का आनंद लिया और पहाड़ी बाबा मंदिर में पूजा पाठ किया। इसी तरह से विभूतिनाथ मंदिर में भी लोगों की खूब भीड़ रही। वहीं जमुनहा के जगपतिधाम मंदिर में भी दिन भर लोगों की भीड़ लगी रही।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




