Hindi NewsUttar-pradesh NewsShravasti NewsMurder Case Verdict Brothers Acquitted in 2016 Killing of Teen in Shravasti
हत्या के मामले में नौ साल बाद आरोपी दो भाई दोषमुक्त

हत्या के मामले में नौ साल बाद आरोपी दो भाई दोषमुक्त

संक्षेप:

Shravasti News - श्रावस्ती में 2016 में एक किशोर विक्रम की हत्या के मामले में उसके पिता ने दो भाइयों पर हत्या का आरोप लगाया था। पिछले नौ सालों से चल रहे मुकदमे में जिला जज ने दोनों भाइयों को दोषमुक्त कर दिया। शव को बोरे में भरकर बूढ़ी राप्ती नदी में छिपाया गया था।

Dec 19, 2025 09:13 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, श्रावस्ती
share Share
Follow Us on

श्रावस्ती, संवाददाता। भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम राजापुररानी के मजरा लबेदपुर निवासी एक किशोर की हत्या कर शव बोरे में भरकर बूढ़ी राप्ती नदी में छिपाया गया था। इस मामले में पिता ने गांव के ही दो भाइयों पर हत्या का केस दर्ज कराया था। तब से दोनों भाई न्यायालय का चक्कर लगा रहे थे। शुक्रवार को जिला जज ने आरोपी भाइयों को दोषमुक्त कर दिया। मुकदमे में आरोपी भाइयों की पैरवी कर रहे अधिवक्ता अशोक पाठक व कौशलेंद्र विक्रम यादव ने बताया कि लबेदपुर निवासी प्रहलाद पासी ने भिनगा कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि उसका पुत्र विक्रम (मृतक) 20 जून 2016 को अपनी मां गंगा देवी के साथ गांव के ही माधव के पुत्री की शादी में नाच देखने गया था।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

वहां से मध्यरात्रि के करीब गंगा देवी घर लौट आई थी, जबकि विक्रम नाच देखने के लिए रुक गया था। उसका शव बाद में गांव के पास बूढ़ी राप्ती नदी में बोरे के अंदर रखा मिला था। इस मामले में प्रहलाद ने पुरानी रंजिश को लेकर अपने पाटीदार कोयले व धन्नू उर्फ राजू पुत्रगण चंद्रिका प्रसाद पर अपने पुत्र की हत्या कर शव बोरी में भरकर नदी में छुपाने का आरोप लगाया था। नौ साल से न्यायालय में मामले का विचारण चल रहा था। शुक्रवार को मुकदमे में फैसला सुनाते हुए जिला एवं सत्र न्यायाधीश राकेश धर दुबे ने कोयले व धन्नू उर्फ राजू को दोषमुक्त कर दिया है।