
छात्र संदिग्ध हालात में लापता, अपहरण का केस दर्ज
Shravasti News - इकौना में एक 11 वर्षीय छात्र आनंद शर्मा लापता हो गया। वह तीन दिन पहले स्कूल के लिए घर से निकला था लेकिन वापस नहीं आया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया है और छात्र की तलाश कर रही है।...
इकौना, संववादाता। तीन दिन पहले घर से स्कूल के लिए निकला छठवीं कक्षा का छात्र लापता हो गया। परिजनों की ओर से काफी तलाश की गई लेकिन उसका कहीं भी सुराग नहीं लगा। पिता की तहरीर पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया है और तलाश कर रही है। इकौना थाना क्षेत्र के मध्यनगर मनोहरापुर निवासी आनंद शर्मा उर्फ मुन्नू शर्मा (11) पुत्र अजय शर्मा इकौना के शास्त्री नगर मोहल्ले में स्थित अनंता पब्लिक स्कूल में कक्षा छह में पढ़ता है। शनिवार को आनंद स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। लेकिन वह शाम को वापस घर नहीं लौटा।

इस पर परिजन उसकी तलाश करने लगे। काफी खोज बीन के बाद भी उसका कहीं सुराग नहीं लगा। इस पर पिता अजय शर्मा ने अगले दिन रविवार को इकौना थाना पहुंच कर पुत्र आनंद के अपहरण की आशंका जताई और तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध अपहरण का मामला दर्ज किया है। पुलिस छात्र की तलाश कर रही है। इस संबंध में स्कूल के प्रधानाचार्य अनिल कुमार राव से जानकारी लेने पर उन्होंने बताया कि छात्र आनन्द शर्मा माह सितंबर 2025 से विद्यालय नहीं आ रहा है और माह जुलाई, अगस्त में मुश्किल से 10 दिन ही स्कूल आया था। इसकी शिकायत भी छात्र के पिता अजय शर्मा से दूरभाष पर की गई थी। इकौना थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश पांडेय ने बताया कि अपहरण का मामला दर्ज किया गया ही। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाला जा रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




