चौराहे पर लगा नल खराब, भटक रहे लोग
Shravasti News - श्रावस्ती के पंचायत देवरनिया में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। न तो पानी की टंकी से नियमित जल आपूर्ति हो पा रही है और न ही कई हैंडपंप शुद्ध पानी दे रहे हैं।
श्रावस्ती,संवाददाता। जिले के जमुनहा विकास क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत देवरनिया में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। वर्षों पहले जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीणों को स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हैंडपंप और पानी की टंकियों का निर्माण कराया गया था, लेकिन वर्तमान स्थिति यह है कि ये व्यवस्थाएं धरातल पर लगभग बेकार साबित हो रही हैं। न तो पानी की टंकी से नियमित जल आपूर्ति हो पा रही है और न ही कई हैंडपंप शुद्ध पानी दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें अपनी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पीने का पानी जुटाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
हालात इतने खराब हैं कि लोगों को दूर दराज के क्षेत्रों में भटककर पानी लाना पड़ रहा है। बरगदही गांव की स्थिति विशेष रूप से चिंताजनक है। यहां खुशहाल खां बाबू खां के घरों के पास लगे हैंडपंप बरगदही मदरसा परिसर का हैंडपंप तथा लम्बुइया चौराहे के पास पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य मुनीर अहमद के क्षेत्र का हैंडपंप दूषित पानी दे रहा है। इसके अलावा लम्बुइया गांव में साबिर के घर के सामने लगा सरकारी हैंडपंप भी गंदा और अस्वच्छ पानी दे रहा है जिससे ग्रामीणों में बीमारी फैलने की आशंका बढ़ गई है।स्थानीय निवासियों पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य मुनीर अहमद बाबू खां खुशहाल खां सहित अन्य ग्रामीणों ने इस गंभीर समस्या को लेकर ग्राम प्रधान जाकिर खां से कई बार शिकायत की है। ग्रामीणों की मांग है कि खराब पड़े हैंडपंपों का तत्काल रिबोर कराया जाए और पानी की टंकी को भी सुचारु रूप से चालू किया जाए ताकि उन्हें स्वच्छ पेयजल मिल सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


