Shravasti News: पत्थर के नीचे दबने से एक मजदूर की मौत, दूसरा गंभीर
Shravasti News: श्रावस्ती के भिनगा में निर्माणाधीन मकान में पत्थर गिरने से दो मजदूर दब गए। पन्नालाल (42) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राकेश कुमार वर्मा (40) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।

Shravasti News: श्रावस्ती,संवाददाता। भिनगा में निर्माणाधीन मकान में लगाने के लिए आया पत्थर उतरते समय शुक्रवार को पत्थर गिरने से दो मजदूर दब गये। इस दौरान एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जबकि मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। भिनगा स्थित आईटीआई के पीछे नवीन चतुर्वेदी अपना मकान बनवा रहे है। इसमें लगवाने के लिए उन्होंने पत्थर मंगाया था। काम कर रहे श्रमिक कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रजगढ़वा निवासी पन्नालाल (42) पुत्र नेवल प्रसाद क्षेत्र के ही चितईपुर निवासी राकेश कुमार वर्मा(40) पुत्र सीताराम वर्मा सहित एक अन्य मजदूर के साथ मिलकर पत्थर उतार रहा था।
इसी बीच अचानक पत्थर गिरने से दोनों उसके नीचे दब गये। घटना में पन्नालाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राकेश कुमार वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा लाया गया। यहां चिकित्सक ने पन्नालाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि राकेश का इलाज किया जा रहा है। मौके पर पहुंचे सिविल लाइन चौकी प्रभारी विवेक राठौर ने शव का पंचनामा भराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। श्रमिक की मौत की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और अस्पताल में लोगों की भीड़ लग गई।


