
वन्दे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा करेगी विभिन्न कार्यक्रम
संक्षेप: Shravasti News - श्रावस्ती में भाजपा वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर कार्यक्रम आयोजित करेगी। 7 नवंबर से शुरू होने वाले इस अभियान में गांवों में सामूहिक वाचन, सेमिनार, प्रदर्शनी और सोशल मीडिया कैम्पेन जैसे कार्यक्रम होंगे। विधायक राम फेरन पाण्डेय ने बताया कि 150 स्थानों पर वंदे मातरम् का वाचन किया जाएगा।
श्रावस्ती,संवाददाता। देश के राष्ट्रगीत वन्दे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर भाजपा जिले भर में विभिन्न कार्यक्रम करेगी। जिसमें गांव गांव अभियान चला कर वंदेमातरम् गीत का सामूहिक वाचन कराया जाएगा। जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा व विधायक राम फेरन पाण्डेय ने पार्टी कार्यालय में बताया कि वंदे मातरम् अभियान सात नवंबर से चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सात नवंबर 1875 को बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय कह ओर से रचित वंदे मातरम् गीत 150 वर्ष पूर्ण कर रहा है। यह गीत केवल शब्दों का संयोजन नहीं, बल्कि भारत की आत्मा की आवाज है, जिसने आजादी की लड़ाई में राष्ट्र को एक सूत्र में बांधा।

भाजपा इस अवसर को एक राष्ट्रव्यापी उत्सव के रूप में मनाएगी, जिसमें पूरे देश के साथ श्रावस्ती में भी भव्य कार्यक्रम होंगे। विधायक श्रावस्ती राम फेरन पाण्डेय ने बताया कि सात नवंबर को 150 स्थानों पर कम से कम 150 व्यक्तियों की ओर से मूल स्वरूप में वंदे मातरम् का वाचन किया जाएगा। इस अभियान के दौरान सेमिनार, प्रदर्शनी, साहित्यिक प्रतियोगिताएं, सोशल मीडिया कैम्पेन और लेखन गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। ताकि युवाओं तक राष्ट्रभक्ति का यह संदेश पहुंचे। सभी कार्यक्रमों में वंदे मातरम् के गायन के बाद स्वदेशी संकल्प लिया जाएगा। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष उदय प्रकाश त्रिपाठी, अभियान संयोजक पूजा पाण्डेय, जिला महामंत्री दिवाकर शुक्ला, जिला मंत्री अरुण पाण्डेय, जिला मीडिया प्रभारी संजू तिवारी, आशुतोष पाण्डेय, विन्नू तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




