कार में खुद को गोली से उड़ाया; आगरा में तेल कारोबारी के सुसाइड से हड़कंप
आगरा के शास्त्रीपुरम (सिकंदरा) में तेल व्यापारी विश्वजीत सिंह राजावत ने कार में कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शीशा तोड़कर उसे बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल में मृत घोषित किया गया। प्रारंभिक जांच में अवसाद की बात सामने आई है। मोबाइल की फोरेंसिक जांच होगी।

आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र स्थित शास्त्रीपुरम में शनिवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां युवा तेल व्यापारी विश्वजीत सिंह राजावत ने कार के अंदर कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना डीपीएस स्कूल के पास की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो कार के अंदर ड्राइविंग सीट पर युवक लहूलुहान अवस्था में बैठा मिला। कार के चारों दरवाजे अंदर से लॉक थे। पुलिस ने खिड़की का शीशा तोड़कर दरवाजा खोला और उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान निखिल एस्टेट, सिकंदरा निवासी विश्वजीत सिंह राजावत के रूप में हुई है, जो शास्त्रीपुरम में सूर्या ऑयल मिल के नाम से तेल का कारोबार करते थे। एसीपी सदर इमरान अहमद के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, हालांकि मृतक का मोबाइल फोन फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा ताकि घटना के कारणों का पता चल सके।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आत्महत्या से पहले विश्वजीत ने वीडियो कॉल के जरिए अपने माता-पिता और भाइयों से बातचीत की थी। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से अवसाद में था। परिवार के अनुसार वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बड़ा भाई अभय प्रताप सिंह भारतीय नौसेना में कार्यरत है, जबकि दूसरे नंबर का भाई सूर्य प्रताप सिंह बीफार्म की पढ़ाई कर रहा है।
कार की तलाशी के दौरान पुलिस को एक अवैध पिस्टल और एक तमंचा मिला, जिसमें से गोली तमंचे से चलने की बात सामने आई है। दोनों हथियार नए बताए जा रहे हैं। जांच में यह भी पता चला कि करीब आठ महीने पहले भी उसने छत से कूदने का प्रयास किया था। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है और पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।





