Hindi NewsUP Newsshort circuit in a hospital warmer machine caused a fire burning a newborn alive
मन्नतों के बाद मिली बेटी को छाती से भी न लगा सकी मां, नर्सिंग होम में शॉर्ट सर्किट से जिंदा जली नवजात

मन्नतों के बाद मिली बेटी को छाती से भी न लगा सकी मां, नर्सिंग होम में शॉर्ट सर्किट से जिंदा जली नवजात

संक्षेप:

कानपुर के राजा हॉस्पिटल के एनआईसीयू में वार्मर मशीन में शॉर्ट सर्किट से आग लगने से एक नवजात बच्ची की जिंदा जल गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

Feb 09, 2026 07:01 am ISTPawan Kumar Sharma संवाददाता, कानपुर
share Share
Follow Us on

यूपी के कानपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां बिठूर स्थित राजा नर्सिंग होम के एनआईसीयू में वार्मर मशीन में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने से नवजात बच्ची जिंदा जल गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों ने गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एनआईसीयू सील कराकर परिजनों को शांत कराया। देर रात परिजनों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ पुलिस को तहरीर सौंप दी।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

बाकरगंज के रहने वाले निजी कर्मी अरुण निषाद की शादी दो वर्ष पूर्व शालू से हुई थी। रविवार सुबह शालू को प्रसव के लिए राजा नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। शाम को शालू ने एक बच्ची को जन्म दिया, जिससे परिवार में खुशी का माहौल था। डिलीवरी के बाद डॉक्टरों ने महिला को वार्ड में शिफ्ट कर दिया और नवजात को एनआईसीयू में वार्मर मशीन में भर्ती कराने की सलाह दी।

परिजनों का आरोप है कि शाम करीब 5:30 बजे अचानक वार्मर मशीन में शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे आग लग गई। हादसे में गंभीर रूप से झुलसी नवजात की मौके पर ही मौत हो गई। परिजन तत्काल बच्ची को लेकर नमक फैक्ट्री स्थित एक अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ये भी पढ़ें:पबजी गेम की लत ने ली युवक की जान, देर रात खेलते समय फटी दिमाग की नस; मौत

पुलिस ने एनआईसीयू को किया सील

परिजनों का यह भी आरोप है कि नर्सिंग होम प्रशासन ने घटना को कई घंटों तक छिपाए रखा। जब परिवार को जानकारी हुई और उन्होंने सवाल किए तो वहां के कर्मी जवाब देने से बचते रहे। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। शालू की ननद रीतू ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ तहरीर दी है। बिठूर थाना प्रभारी अशोक सरोज ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। फिलहाल एनआईसीयू सील कर दिया गया है। मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सवाल-जवाब पर भड़के संचलाक

बिठूर स्थित राजा नर्सिंग होम करीब 10 साल से संचालित किया जा रहा है। संचालक डॉ. विवेक मिश्रा ने बताया कि शॉर्ट सर्किट की चपेट में आने से नवजात की मौत हो गई। हालांकि नर्सिंग होम में सारे इंतजाम मानक के अनुरूप हैं। ज्यादा सवाल-जवाब करने पर डॉ. मिश्रा भड़क गए और बोले-अस्पताल में सब ठीक है मेरा जो करना हो कर लो।

इलाज के बाद हुई बच्ची, छाती से भी न लगा पाई मां

मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। दादी प्रेमा, नानी सीता, मामा लकी व अमन और बहू रीतू व रामजानकारी दहाड़े मार-मारकर रोने लगी। सभी ने एक स्वर में कहा कि बड़ी मुश्किल से एक साल इलाज के बाद बच्ची हुई। बच्ची के लिए मंदिर जाकर पूजा अर्चना और कई व्रत तक रखे। अस्पताल की लापरवाही से उसकी जान चली गई। बच्ची की बुआ ने बताया कि भाभी अपनी बेटी को छाती से भी नहीं लगा पाई। प्रसव के बाद बच्ची को वार्मर मशीन में रख दिया गया था। भाभी शालू को इस हादसे के बारे में नहीं बताया गया है। क्योंकि उनकी हालत ठीक नहीं है।

ये भी पढ़ें:गंगा एक्सप्रेसवे पर बेकाबू कार ने भंडारे जा रहे 8 लोगों को रौंदा, चार की मौत

एनआईसीयू में नहीं थे डॉक्टर

राजा नर्सिंग होम के एनआईसीयू में भले ही मासूम बच्ची का इलाज हो रहा हो, फिर भी डाक्टर नहीं था। खुलेआम अस्पताल प्रशासन ने बच्ची के इलाज में लापरवाही बरती है। फायर उपकरण भी एक्सपायर निकले।

इस मामले में डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि परिजनों ने लिखित तहरीर दी है। डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के साथ बच्ची का पोस्टमार्टम होगा। सीएमओ द्वारा गठित कमेटी से जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर अस्पताल पर कार्रवाई होगी।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |