अपने परिवार की बहन-बेटियों के अश्लील वीडियो बनाकर रखता था दुकानदार, गूगल के अलर्ट से खुली करतूत
कानपुर में एक युवक ने परिवार के बहन बेटियों के अश्लील वीडियो बनाकर उसे अपने गूगल ड्राइव में रखा था। गूगल से मिले अलर्ट के बाद साइबर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके मोबाइल से कई आपत्तिजनक वीडियो बरामद किए हैं।
UP News: यूपी के कानपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां एक परचून दुकानदार ने मासूम बच्चियों के अश्लील वीडियो बनाकर मोबाइल पर रखा था। उसने अपनी चचेरी बहन के अलावा पड़ोसी और रिश्तेदारों की बेटियों के भी नहाते हुए वीडियो बना रखे थे। कोई पकड़ न ले, इस वजह से उसने सारे वीडियो गैलरी से हटाकर गूगल ड्राइव में सेव कर दिए थे। गूगल के सुरक्षा ट्रैकिंग सिस्टम ने आपत्तिजनक कंटेट की पहचान कर एनसीआरपी पोर्टल पर अलर्ट भेज दिया। इसके बाद सेंट्रल जोन की साइबर टीम ने उसे धर दबोचा। मोबाइल से 15 अश्लील वीडियो बरामद हुए हैं।
ये मामला चमनगंज का है। जहां एक दुकानदार की दिमाग में ऐसी गंदगी भरी थी कि वह अश्लील वीडियो बनाकर रखने लगा। 23 वर्षीय एक युवक अपनी चचेरी बहन, रिश्तेदार की आठ साल की बच्ची समेत आस-पास रहने वाली बच्चियों के पोर्न वीडियो बनाता था। पकड़ से बचने के लिए सारे अश्लील फोटो-वीडियो गूगल ड्राइव में छिपाकर रखे थे। गूगल से इसकी जानकारी राष्ट्रीय लापता एवं शोषित बाल केंद्र के पोर्टल पर आई, फिर शिकायत दर्ज हुई। इसके बाद साइबर टीम ने आरोपित के मोबाइल नंबर, आइएमईआइ नंबर, ई-मेल आइडी को ट्रेस कर चमनगंज से धर दबोच लिया। एडीसीपी क्राइम अंजलि विश्वकर्मा ने बताया कि गूगल ने जानकारी साझा की थी कि एक मोबाइल नंबर के गूगल ड्राइव पर छोटी-छोटी बच्चियों की अश्लील वीडियो अपलोड हैं। इस पर आरोपित की शिकायत लापता बच्चों को खोजने में मदद करने वाले पोर्टल पर आई थी, जिसका उद्देश्य बाल यौन शोषण और बाल उत्पीड़न को रोकना है। इसके बाद साइबर सेल की टीम ने उसे ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया है।
चचेरी बहन का नहाते हुए बनाया वीडियो
जनरल स्टोर की दुकान के साथ डायपर का होलसेलर का काम करने वाले आरोपी ने चचेरी बहन का चोरी-छिपे नहाते हुए वीडियो बनाया। पुलिस के मुताबिक, गूगल ड्राइव में मिले कुल 15 अश्लील वीडियो में कुछ वीडियो में आरोपित बच्चियों को बैड टच करता भी नजर आ रहा है। उसने हाइड एप, किसी वेबसाइट या सोशल मीडिया प्लेटफार्म में वीडियो अपलोड तो नहीं किए, इसकी जांच के लिए मोबाइल को भी कब्जे में लिया गया है।
टॉफी का लालच देकर बच्चियों को बुलाता था
आरोपी युवक घर के आसपास की बच्चियों को आरोपित टॉफी व चॉकलेट का लालच देकर बुलाता था, फिर उनके साथ गंदी हरकतें करता था और वीडियो भी बना लेता था। पुलिस की जांच में एक बात और सामने आई है कि आरोपित के फोन के ज्यादातर एप में लॉक लगा था। पुलिस ने जब उसका मोबाइल लिया तो क्रोम हिस्ट्री में पोर्न साइट्स के लिंक मिले।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

