चेहरा दिखाओ तभी दुकान में आओ; यूपी के एक शहर में घूंघट और नकाब वाली औरतों को दूर से नमस्ते
सीपरी सराफा व्यापार मंडल के अध्यक्ष ने सभी व्यापारियों को गहनों की खरीद में भी सावधानी बरतने को कहा। उन्होंने कहा कि सोने-चांदी के भाव बढ़ते ही जा रहे हैं। सभी व्यापारी, आभूषणों की जांच करके ही किसी से खरीदें। सोने-चांदी के लेन-देन के दौरान नकली आभूषणों को लेकर सतर्क रहें।

उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के ज्वेलर्स ने ग्राहकों से एक खास अपील की है। सीपरी सराफा व्यापार मंडल की इस अपील में कहा गया है कि ग्राहक चेहरा खुला रखकर ही गहनों की खरीदारी करें। कहा जा रहा है कि चोरी की घटनाओं से बचने के लिए ऐसी अपील की गई है। व्यापारी अब घूंघट, बुर्का या किसी भी तरह का नकाब पहनकर आने वालों से दुकान के अंदर चेहरा खुला रखने की अपील करेंगे। इस अपील को लेकर कुछ दुकानों के बाहर और अंदर पोस्टर भी लगाए गए हैं। इन पोस्टरों पर लिखा है- ‘ग्राहकों से अनुरोध है कि कृपया दुकान के अंदर चेहरा खुला रख कर खरीदारी करें।’
सीपरी सराफा व्यापार मंडल के अध्यक्ष उदय सोनी ने सभी व्यापारियों को गहनों की खरीदारी में भी सावधानी बरतने को कहा। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि सोने-चांदी के भाव बढ़ते ही जा रहे हैं। ऐसे में सभी व्यापारी, आभूषणों की जांच करके ही किसी से खरीदें। सोने-चांदी के लेन-देन के दौरान नकली आभूषणों को लेकर सतर्क रहें।
असली-नकली की सही पहचान करें, पूरी सतर्कता बरतें। उन्होंने कहा कि सभी व्यापारी अपनी दुकानों में यह पोस्टर चिपकाएं कि दुकान के अंदर कोई भी ग्राहक मुंह बांधकर प्रवेश न करें। हमेशा मुंह खोलकर ही दुकान में आएं और सोने चांदी का लेन देन करें। व्यापारियों का कहना है कि चोरी की घटनाओं से बचने के लिए ऐसी अपील करना जरूरी था।
उदय सोनी ने सभी सराफा व्यापारियों से इस सतर्कता का पालन करने को कहा है। सराफा मंडल की इस अपील की काफी चर्चा हो रही है। लोगों का कहना है कि सराफा की दुकानों पर बड़ी संख्या में महिलाएं जाती हैं जिनमें से कई घूंघट या बुर्के में होती हैं। ऐसे में उनसे चेहरा खुला रखने की अपील की गई है। इस अपील और दुकान में लगी शर्त का दुकानदारी पर क्या असर पड़ेगा इस बारे में अभी कुछ कहा नहीं जा सकता।

लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें



