सन्नाटे में खड़ी कार में आग के बाद धमाके, कंकाल बना युवक, लखनऊ में सनसनीखेज वारदात
लखनऊ में हाईवे किनारे खड़ी कार में आग के बाद अंदर मौजूद युवक का शव कंकाल बन गया। सरेराह घटना से सनसनी फैल गई। पुलिस और फायरकर्मियों ने आग बुझाई।

राजधानी लखनऊ में गुरुवार की देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। सीतापुर हाईवे पर बीकेटी इलाके में सरइयां गांव के पास सन्नाटे में खड़ी कार आग का गोला बन गई। भीषण आग में धमाके के साथ कार के शीशे तक फट गए। अंदर मौजूद युवक की लाश इस आग में कंकाल बन गई। पुलिस कार नंबर के आधार पर डिटेल निकालकर मालिक को सूचना दी। कार में आग खुद लगी या किसी ने युवक की हत्याकर कार में डालकर आग लगाई। पुलिस दोनों बिंदुओं पर तफ्तीश कर रही है।
सीतापुर हाई-वे पर सरइयां गांव के पास गुरुवार देर रात करीब साढ़े 11 बजे मारुति जेन कार में एकाएक आग लग गई। आग की तपिश से धमाकों के साथ कार के शीशे फटने लगे। इससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। बीकेटी थाने से पुलिस और दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दमकल कर्मियों की मदद से आग पर काबू पाया। देखा तो कार के अंदर एक युवक का जला हुआ शव मिला। आग के कारण युवक का हड्डियां बाहर आ गई थीं।
पुलिस ने कार नंबर के आधार पर गाड़ी मालिक की डिटेल निकाली। पता चला कि कार खुर्रमनगर निवासी अलमाश हक पुत्र हमीदुल के नाम से रजिस्टर्ड है। कार मालिक के परिवार को घटना की जानकारी दी गई। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी। एसीपी विकास पांडेय और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलन किए। एसीपी ने बताया कि शव की पहचान की कोशिश की जा रही है। हत्या अथवा हादसा दोनों बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
घटना स्थल पर 200 मीटर तक सन्नाटा
स्थानीय लोगों के मुताबिक कार हाईवे किनारे सफेद पट्टी पर खड़ी थी। कार जहां जली है वहां पर कोई ठहराव चौराहा, तिराहा अथवा दुकान नहीं है। ऐसे में आशंका है कि कोई कार लेकर आया हो और चालक की हत्याकर आग लगाकर फरार हो गया।
सीसीटीवी फुटेज पर टिकी पुलिस की तफ्तीश
पुलिस हाई-वे पर लगे कैमरों की पड़ताल कर रही है। कैमरों की मदद से यह पता लगा रही है कि चालक कार में अकेले था अथवा कोई उसके साथ था। हालांकि पुलिस का दावा है कि शिनाख्त होने के बाद हादसे से जुड़े कई अहम बिंदुओं के बारे में जानकारी होगी। शिनाख्त और परिवारीजनों से पूछताछ के बाद ही कोई सुराग हाथ लग सकता है।
हड्डियां तक दिखाई दे रही थी युवक की
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक जलकर पूरी तरह राख हो गया है। हालत यह है कि उसकी हड्डियां तक दिखाई दे रही थी। कार और उसके अंदर रखा सारा सामान भी जलकर राख हो गया।


