
सहेलियों के साथ खरीददारी करने आई युवती की गर्दन पर युवक ने रखा चाकू, वीडियो बनाती रही भीड़
बिजनौर में एक सनकी की हरकत से पूरे बाजार में सनसनी फैल गई। सिरफिरे ने सामान खरीदकर अपनी सहेलियों के साथ घर लौट रही युवती के गले पर अचानक चाकू रख दिया, जिससे पूरे बाजार में दहशत फैल गई।
यूपी के बिजनौर में एक सनकी की हरकत से पूरे बाजार में सनसनी फैल गई। सिरफिरे ने सामान खरीदकर अपनी सहेलियों के साथ घर लौट रही युवती के गले पर अचानक चाकू रख दिया, जिससे पूरे बाजार में दहशत फैल गई और भीड़ एकत्र हो गई। लोगों ने घटना की वीडियो भी बनाकर वायरल कर दी। हालांकि हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता। इस दौरान गश्त कर रही पुलिस ने सूचना पर आरोपी को दबोच लिया। पुलिस बाराबंकी निवासी आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ करने में जुटी है। पीड़ित युवती को मेडिकल जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समीपुर भेज दिया गया है।
नजीबाबाद के बाजार में विंटर कलेक्शन सेल लगी है। बुधवार शाम तीन युवतियां सामान खरीदकर अपने घर लौट रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही वे रेलवे स्टेशन रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक के सामने पहुंचीं तो अचानक पीछे से आए युवक ने एक युवती के गले पर चाकू रख दिया। इससे युवतियां दहशत में आ गईं और मौके पर भीड़ जमा हो गई। हालांकि, गश्त कर रही पुलिस ने आरोपी को तुरंत दबोच लिया।
सीओ नितेश प्रताप सिंह ने बताया कि तीनों लड़कियों को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया है। स्वजन युवतियों के पास पहुंच गए थे। आरोपित अजीत बाराबंकी का रहने वाला बताया जा रहा है। वह यहां पर क्यों और कैसे आया? इन सभी बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने पर आरोपी पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Dinesh Rathourदिनेश राठौर लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पिछले आठ सालों से काम कर रहे हैं। वह लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। कानपुर यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है। पत्रकारिता में 13 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश की डिजिटल मीडिया और प्रिंट जर्नलिज्म में अलग पहचान है। इससे पहले लंबे समय तक प्रिंट में डेस्क पर भी काम किया है। कुछ सालों तक ब्यूरो में भी रहे हैं। यूपी और राजस्थान के सीकर जिले में भी पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ सोशल, क्राइम की खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाते हैं। वायरल वीडियो की फैक्ट चेकिंग में दिनेश को महारत हासिल है।
और पढ़ें



