शिवरात्रि के दिन मदरसे में होगी शिवलिंग की स्थापना; स्वामी यशवीर का ऐलान
मुजफ्फरनगर में दो मदरसे धर्मांतरण और हलाला के मामले को लेकर सुर्खियों में हैं। अब बघरा आश्रम के स्वामी यशवीर महाराज ने शिवरात्रि के दिन फुलत मदरसे में शिवलिंग की स्थापना और जलाभिषेक करने का ऐलान किया है। वहीं, इंदौर की पीड़ित युवती द्वारा जलाभिषेक के लिए हरिद्वार से गंगाजल लाने की बात कही गई है

यूपी के मुजफ्फरनगर के दो मदरसे धर्मांतरण और हलाला के मामले को लेकर सुर्खियों में हैं। इंदौर की पीड़ित युवती शासन-प्रशासन से गुहार लगाने के बाद अब बघरा आश्रम के स्वामी यशवीर महाराज की शरण में पहुंच गई है। यशवीर महाराज का एक और वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वह शिवरात्रि के दिन फुलत मदरसे में शिवलिंग की स्थापना और जलाभिषेक करने का ऐलान किया है। वहीं, युवती द्वारा जलाभिषेक के लिए हरिद्वार से गंगाजल लाने की बात कही गई है। शिवरात्रि पर मदरसे में भंडारे और अधिक से अधिक हिंदुओं को जलाभिषेक के लिए पहुंचने को कहा है।
यशवीर महाराज ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदरसे की मान्यता रद कर सील लगाने एवं आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। मंगलवार को महाराज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में पीड़ित युवती भी महाराज के साथ नजर आ रही है। यशवीर महाराज ने कहा है कि फुलत के दो मदरसों में कई वर्षों से धर्मांतरण जेहाद जारी है। इंदौर की बेटी के साथ हिन्दू बनकर मदरसे में लाकर उसका धर्मांतरण कराया गया। कई महीनों तक मदरसे में कैद रहने के बाद युवती का कई लोगों के साथ निकाह कराने के बाद हलाला कराया गया।
बता दें कि पीड़िता ने गाजियाबाद के थाने में मदरसा संचालक मौलाना कलीम सिद्दीकी के अलावा 16 लोगों पर केस दर्ज करा दिया था। केस दर्ज होने के दो महीने तक भी पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया। यशवीर महाराज ने आरोपी मोहम्मद कलीम सिद्दकी, हफीजुर्रहमान अंसारी उसके बेटे मौलाना जुबैर अंसारी समेत इनके पूरे गैंग की गिरफ्तारी की मांग करने के अलावा दोनों मदरसों की मान्यता रद कर सील लगाने की मांग की है। हालांकि सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है। हालांकि हिन्दुस्तान उसकी पुष्टि नहीं करता है।
धर्मांतरण मामले में मदरसा संचालक का बेटा गिरफ्तार
उधर, फुलत मदरसे में धर्मांतरण के मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मदरसा संचालक के बेटे जुबैर अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों की मानें तो उसे बरेली जिले से गिरफ्तार किया है। फुलत स्थित मदरसा दारुल उलूम रहीमिया का संचालन मौलाना हफिजुर्रहमान अंसारी और उसका बेटा जुबैर अंसारी कर रहे हैं। आरोप था कि पिता पुत्र ने कब्रिस्तान की भूमि पर अवैध तरीके से मदरसे का निर्माण किया है।
यह भी आरोप था कि मदरसे में रथेडी निवासी राहुल कश्यप का धर्मांतरण कराया गया। पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। उसके बाद जुबैर अंसारी की तलाकशुदा पत्नी ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर मदरसे में अवैध तरीके से धर्मांतरण करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। सोमवार को इंदौर की युवती ने भी धर्मांतरण, निकाह व हलाला कराने के आरोप लगाए थे। एलआईयू टीम ने फुलत पहुंचकर गहनता से जांच की थी। पुलिस सूत्रों का कहना कि आरोपी जुबैर अंसारी को बरेली से मंगलवार शाम गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम उसे अपने साथ लेकर मुजफ्फरनगर आ रही है।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

