प्रेमिका का एंगल, 'ससुर' का फोन; शंकराचार्य के अधिवक्ता श्रीनाथ को धमकी देने वाला LLB छात्र गिरफ्तार

Feb 27, 2026 06:43 am ISTYogesh Yadav वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता
share

वाराणसी पुलिस ने शंकराचार्य के अधिवक्ता को धमकी देने वाले को गिरफ्तार कर लिया है। धमकी देने वाला एलएलबी छात्र निकला है। मामले में प्रेमिका का एंगल सामने आया है। युवती के पिता के सिम का इस्तेमाल किया गया था।

प्रेमिका का एंगल, 'ससुर' का फोन; शंकराचार्य के अधिवक्ता श्रीनाथ को धमकी देने वाला LLB छात्र गिरफ्तार

वाराणसी पुलिस ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी को जान से मारने और वाराणसी कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी अजीत कुमार सरोज उर्फ पितु एलएलबी का छात्र है और खुद कचहरी में रहकर वकालत के गुर सीख रहा था। पुलिस की एसओजी और सर्विलांस टीम ने जब इस हाई-प्रोफाइल मामले की परतें खोलीं, तो एक ऐसी कहानी सामने आई जो किसी फिल्मी पटकथा की तरह निकली। मामला में प्रेमिका का एंगल सामने आया है। प्रेमिका के पिता का सिम धमकी में इस्तेमाल किया गया।

प्रेमिका की जुदाई और 'ससुर' से बदले की आग

पुलिस की पूछताछ में आरोपी अजीत ने बताया कि वह एक युवती से बेहद प्रेम करता था और दोनों शादी करना चाहते थे। जब युवती के पिता (जो पेशे से मजदूर हैं) को इस प्रेम प्रसंग की भनक लगी, तो उन्होंने कड़ा विरोध किया। प्रेमी जोड़े को अलग करने के लिए पिता ने अपनी बेटी को उसकी मां के साथ जबरन मुंबई भेज दिया। अपनी प्रेमिका के दूर जाने से बौखलाया अजीत अपने होने वाले ससुर को सबक सिखाने की ताक में था। वह चाहता था कि किसी तरह उसके ससुर पुलिस के चंगुल में फंसकर जेल चले जाएं। इसी बीच वाराणसी कचहरी को पहले से मिल रही बम धमकियों की खबरों को सुनकर उसने इसे ही अपना हथियार बनाने की सोची।

चोरी का सिम और आधी रात का मैसेज

अजीत ने पूरी योजना के तहत अपनी प्रेमिका के पिता का मोबाइल चोरी किया और उसमें से सिम कार्ड निकाल लिया। बुधवार की रात करीब 2.23 बजे उसने उस सिम को अपने मोबाइल हैंडसेट में डाला और बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य व वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी के नंबर पर धमकी भरा टेक्स्ट मैसेज भेज दिया। मैसेज में लिखा था— "बनारस कचहरी को हम बम से उड़ा देंगे तुम्हें भी।" अजीत को लगा था कि मैसेज जाते ही पुलिस सिम कार्ड के आधार पर उसके ससुर को उठा लेगी और उसे अपना बदला मिल जाएगा।

IMEI नंबर ने बिगाड़ दिया खेल

धमकी भरा मैसेज मिलने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। एडीएम सिटी और एसीपी कैंट भारी पुलिस बल और बम निरोधक दस्ते के साथ कचहरी पहुंचे और सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस ने जब मोबाइल नंबर की जांच की, तो शुरुआती शक युवती के पिता पर गया, लेकिन डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने तकनीकी बारीकियों पर ध्यान दिया।

पुलिस ने जब मोबाइल के IMEI नंबर की हिस्ट्री खंगाली, तो पता चला कि जिस समय धमकी भेजी गई, उस समय सिम किसी दूसरे फोन में एक्टिव था। सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर पुलिस जंसा के रैसीपुर निवासी अजीत तक पहुंच गई।

कचहरी पर धमकियों का साया

दरअसल पिछले कुछ दिनों से वाराणसी कचहरी को लगातार बम से उड़ाने की धमकी मिल रही है। 13, 16 और 24 फरवरी को भी अज्ञात ई-मेल आईडी से कचहरी को उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं, जिनमें पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। इसी दहशत भरे माहौल का फायदा उठाकर अजीत ने निजी रंजिश निकालने की कोशिश की। हालांकि, उसकी एक छोटी सी गलती (अपने ही फोन में सिम डालना) ने उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को देख रहे हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं। पत्रकारिता में 25 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। सिटी टीम का नेतृत्व भी किया। बीकॉम में ग्रेजुएट और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर रिपोर्टिंग भी की है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।