Highlight: लखनऊ में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने गो प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध का किया शंखनाद

ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती मंगलवार को राजधानी लखनऊ पहुंचे। जहां से वे गो-प्रतिष्ठा जनजागरण अभियान की शुरुआत की। लखनऊ आगमन के साथ ही उन्होंने सबसे पहले प्रसिद्ध हनुमान सेतु मंदिर में मत्था टेका और आशीर्वाद लिया।

Highlight: लखनऊ में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने गो प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध का किया शंखनाद

Shankaracharya Avimukteshwarananda

Pawan Kumar Sharma| लाइव हिन्दुस्तान,लखनऊ | Thu, 12 Mar 2026 12:19 PM IST
WhatsAppFacebookX
हमें फॉलो करेंGoogle NewsYouTube

अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती मंगलवार को लखनऊ पहुंचे, जहां से वह 11 मार्च से शुरू होने वाले तीन दिवसीय गो-प्रतिष्ठा जनजागरण अभियान की शुरुआत की। शहर पहुंचते ही उन्होंने हनुमान मंदिर पहुंचकर दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हो गए, जहां शीतला अष्टमी के अवसर पर आयोजित मुख्य सभा में गो-प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध अभियान का औपचारिक शंखनाद किया।

भक्तों की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। आशियाना, पीजीआई और कृष्णानगर थाने की पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है, जबकि आयोजन स्थल पर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक तीन दिन के कार्यक्रम के लिए आयोजकों की ओर से करीब 4.5 लाख रुपये का शुल्क स्मारक समिति में जमा कराया गया है।

11 Mar 2026, 03:31:23 PM IST

अविक्तेश्वरानंद के कार्यक्रम में पहुंचे अजय राय

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा अविक्तेश्वरानंद के कार्यक्रम में पहुंचे।

Share
11 Mar 2026, 01:29:13 PM IST

कही आप ही तो कालनेमि तो नहीं, शंकराचार्य ने योगी पर कसा था तंज

शंकराचार्य ने सीएम योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने कहा था कि हमारे समाज में कई कालनेमि आए हैं। कालनेमि एक राक्षस था। वह साधु के कपड़े पहनकर हनुमानजी के सामने गया था। इसका मतलब है अंदर से कुछ और हो, बाहर से कुछ और दिखाई दे। हमने कहा योगी आदित्यनाथ जी, आप बाहर से गेरुआ कपड़ा पहनकर अपने आपको योगी कह रहे हो। लेकिन आपके राज में गायों की संख्या कम हो रही है। गो हत्यारे से चंदा आपकी पार्टी ले रही है। आपका काम तो राक्षसों जैसा दिखाई दे रहा है और कपड़े संन्यासियों जैसे। कहीं आप ही तो कालनेमि नहीं हो।

Share
11 Mar 2026, 01:07:13 PM IST

राजनीतिक दल के समर्थन या विरोध में नहीं आए लखनऊ

शंकराचार्य ने कहा कि किसी राजनीतिक दल के समर्थन या विरोध के लिए लखनऊ नहीं आए हैं, बल्कि गौ माता की रक्षा के लिए आंदोलन का शंखनाद करने जा रहे हैं। बताया कि बुधवार को विजय मुहूर्त में दोपहर ठीक 2:15 बजे लखनऊ में गो माता का ध्वज हासिल किया जाएगा। वहीं से धर्मयुद्ध की शुरुआत की जाएगी। कहा कि जब विदेशी और अंग्रेज भारत में शासन करने आए तो उन्होंने गोमाता को पशुओं की सूची में डाल दिया। स्वतंत्रता के बाद भी कई सरकारें आईं, लेकिन किसी ने भी गोहत्या बंद कराने के अपने वादे को पूरी तरह नहीं निभाया। हमने भी गौ माता की रक्षा की उम्मीद में इस भगवा सरकार को वोट दिया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम लिए बिना कहा कि जब प्रदेश की गद्दी पर एक गेरुआधारी योगी, यती और सन्यासी बैठा तो हमें लगा कि अब गो माता की रक्षा अवश्य होगी। लेकिन, अब उसी गेरुआ राज में पुलिस सनातन धर्म के प्रतीकों पर प्रहार कर रही है।

Share
11 Mar 2026, 12:49:51 PM IST

गेरुआ राज में ही सनातन पर बरस रहे डंडे : अविमुक्तेश्वरानंद

इससे पहले गोरक्षा और सनातन प्रतीकों के कथित अपमान को लेकर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा हमला बोला था। लखनऊ जाते समय बाबा बोधेश्वर महादेव मंदिर में रुके शंकराचार्य ने आरोप लगाया कि गेरुआधारी सरकार में ही पुलिस साधु-संतों और ब्राह्मण बटुकों पर डंडे बरसा रही है। सनातन धर्म के प्रतीकों को रौंदा जा रहा है। उन्होंने बुधवार को लखनऊ में गोमाता का ध्वज हासिल कर धर्मयुद्ध के शंखनाद की घोषणा भी की थी।

Share
11 Mar 2026, 12:22:05 PM IST

काशी से लखनऊ तक जनजागरण

शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद लखनऊ आने से पहले काशी से यात्रा निकाली। इस दौरान उन्होंने जौनपुर, सुल्तानपुर, रायबरेली, मोहनलालगंज और नैमिषारण्य जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक केंद्रों पर सभाएं की हैं। आज का 'गौ-प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध' इस अभियान का निर्णायक मोड़ माना जा रहा है, जहां से गौ-रक्षा को लेकर देशव्यापी रणनीति की घोषणा की जा सकती है।

Share
11 Mar 2026, 12:09:08 PM IST

सुरक्षा के कड़े पहरे में 'धर्मयुद्ध'

आज के मुख्य कार्यक्रम में प्रदेशभर से भारी संख्या में संत समाज और गौ-भक्तों के जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए लखनऊ पुलिस ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं।आशियाना, पीजीआई और कृष्णानगर थानों की पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। कार्यक्रम स्थल के चारों ओर अतिरिक्त पीएसी और पुलिस बल तैनात किया गया है। बताया जा रहा है कि इस तीन दिवसीय आयोजन के लिए आयोजकों ने स्मारक समिति में करीब 4.5 लाख रुपये का शुल्क जमा कराया है।

Share
11 Mar 2026, 11:36:24 AM IST

आँख और मुँह कितने सेंटीमीटर खुल सकते हैं, ये शर्त भी रख देतेः अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने शर्तों को लेकर भाजपा सरकार पर तंज कसा है उन्होंने कहा है, ‘भाजपाई सनातन का सम्मान नहीं कर सकते हैं तो भले न करें परंतु अपमान भी न करें। उप्र की अहंकारी सरकार जिस समाज विशेष के मान की बाँह मरोड़ रही है, वो बात उस समझदार समाज को समझ आ रही है। यहाँ तक कि उस समाज के जो लोग भाजपा सरकार में मंत्री, सांसद, विधायक, पार्षद या कहें किसी और तरह के जनप्रतिनिधि हैं, वो भी इस मामले में अपने समाज से मुँह छिपा रहे हैं लेकिन भाजपा की भट्टी पर अपने स्वार्थ की रोटी सेंकनेवाले ऐसे भाजपाई जनप्रतिनिधि, अपने ही समाज में सम्मान खो चुके हैं। जनता अगले चुनाव में उनको सबक सिखाएगी। इन जनप्रतिनिधियों में से जो कुछ लोग अपने समाज के सच्चे शुभचिंतक हैं वो उन अन्य दलों के संपर्क में हैं जो सदैव सनातन और इस समाज का सम्मान भी करते रहे हैं और जिन्होंने उन्हें सदैव यथोचित मान-स्थान भी दिया है।’

Share
11 Mar 2026, 11:08:40 AM IST

योगी राज में भी धर्म के लिए जजिया कर देने पड़े तो देंगे: शंकराचार्य

शंकराचार्य ने कहा कि स्थान किराया और अन्य शुल्क आयोजकों द्वारा देने की शर्त पर उन्होंने कहा कि मुगल शासन में भी हम जजिया कर देकर अपने धर्म का पालन करते थे। आज योगी राज में भी यदि धर्म के कार्य के लिए जजिया देना पड़े, तो हम वह भी देंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह आयोजन किसी राजनीतिक दल के समर्थन या विरोध के लिए नहीं है। उनके अनुसार हिंदू और गौभक्त हर दल में हैं और जो भी व्यक्ति गौ-रक्षा के लिए आगे आना चाहता है, उसका स्वागत है। शंकराचार्य की यह यात्रा काशी से शुरू होकर कई जनपदों से होते हुए लखनऊ पहुंची है, जिसका उद्देश्य समाज में गौ-संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना बताया गया है।

Share
11 Mar 2026, 10:44:18 AM IST

जजिया देने जैसा प्रतीत हो रहा है, शर्तों और खर्चों पर बोले शंकराचार्य

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने इन शर्तों और खर्च के बारे में प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह स्थिति मुगलकाल में 'जजिया' देने जैसी प्रतीत होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि जैसे उस समय लोग अपने धर्म के पालन के लिए जजिया देते थे, उसी प्रकार अब धार्मिक कार्यक्रमों के लिए भी खर्च उठाना पड़ रहा है। स्वामी ने पांच मार्च को वाराणसी के संकटमोचन मंदिर में पूजा करने के बाद गोरक्षा के समर्थन में अपनी यात्रा शुरू की थी।

Share
11 Mar 2026, 10:23:03 AM IST

शाम 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर बंद रखने की शर्त

प्रशासन की ओर से जारी शर्तों में भड़काऊ भाषण या नारेबाजी पर रोक, हथियार और आतिशबाजी पर प्रतिबंध, ध्वनि प्रदूषण के नियमों का पालन, सीमित वाहनों की अनुमति, यातायात बाधित न करना, निजी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना और रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर बंद रखना शामिल है। किसी भी शर्त का उल्लंघन होने पर प्रशासन तुरंत कार्रवाई कर सकता है।

Share
11 Mar 2026, 10:06:19 AM IST

दोपहर 2.15 से शाम 5 बजे तक कार्यक्रम आयोजित

आयोजकों के अनुसार शीतला अष्टमी के दिन 11 मार्च को आशियाना स्थित कांशीराम स्मृति उपवन के पास पासी किला चौराहे पर दोपहर 2:15 बजे से शाम 5 बजे तक कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। इस दौरान शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ‘गो-प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध’ की औपचारिक शुरुआत करेंगे और समर्थकों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में संत समाज, विभिन्न संगठनों और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

Share
11 Mar 2026, 09:52:50 AM IST

26 शर्तों के साथ मिली अनुमति

शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती गाय को 'राष्ट्रमाता' का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर मंगलवार को लखनऊ पहुंचे और लोगों से बुधवार को होने वाले 'गो प्रतिष्ठा-धर्मयुद्ध शंखनाद' कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। यह कार्यक्रम 11 मार्च को कांशीराम स्मृति सांस्कृतिक उपवन में आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने आयोजन की अनुमति 26 शर्तों के साथ दी है, जिनमें भड़काऊ भाषण, आपत्तिजनक नारेबाजी और घातक वस्तुओं के उपयोग पर प्रतिबंध शामिल है। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि गाय को 'राष्ट्रमाता' का दर्जा दिलाना उनके अभियान का मुख्य उद्देश्य है और देशभर में गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध उनकी प्राथमिकता है।

Share
11 Mar 2026, 09:40:49 AM IST

लखनऊ पहुंचे शंकराचार्य, आज से तीन दिवसीय अभियान शुरू

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती मंगलवार को लखनऊ पहुंचे। यहां से वह 11 मार्च से प्रस्तावित तीन दिवसीय गो-प्रतिष्ठा जनजागरण अभियान की शुरुआत करेंगे। लखनऊ आगमन पर उन्होंने सबसे पहले हनुमान सेतु मंदिर में दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हो गए। आयोजकों के अनुसार 11 मार्च को शीतला अष्टमी के अवसर पर आशियाना क्षेत्र स्थित कांशीराम स्मृति सांस्कृतिक स्थल, पासी किला चौराहा के निकट दोपहर सवा दो बजे से शाम पांच बजे तक मुख्य सभा आयोजित होगी। इस दौरान शंकराचार्य गो-प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध का औपचारिक शंखनाद करेंगे और श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में संत-समाज, विभिन्न सामाजिक संगठनों तथा बड़ी संख्या में गोभक्तों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

Share

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsउत्तर प्रदेशHighlight: लखनऊ में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने गो प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध का किया शंखनाद