बाथरूम गए तो ठीक थे... आशुतोष ब्रह्मचारी पर हमले को लेकर क्या बोले शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद

Mar 08, 2026 02:48 pm ISTYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान, प्रयागराज/कौशाम्बी
share

शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने आशुतोष ब्रह्मचारी पर हुए हमले के आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने इसे सुरक्षा पाने का नाटक बताते हुए कहा कि बाथरूम जाने से पहले वह ठीक थे। शंकराचार्य ने रेलवे सुरक्षा पर सवाल उठाया और जांच की मांग की है।

बाथरूम गए तो ठीक थे... आशुतोष ब्रह्मचारी पर हमले को लेकर क्या बोले शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद

Up News: ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ केस करने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर ट्रेन में हुए कथित जानलेवा हमले ने धार्मिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। इस मामले में आशुतोष ब्रह्मचारी द्वारा सीधे तौर पर शंकराचार्य और उनके सहयोगियों को तहरीर में नामजद किए जाने के बाद अब स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। शंकराचार्य ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे केवल 'सुरक्षा पाने का एक हथकंडा' और 'मीडिया का ध्यान खींचने की कोशिश' करार दिया है।

"बाथरूम के भीतर क्या हुआ, जवाब रेलवे दे"

शंकराचार्य ने घटनाक्रम पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन अटेंडेंट ने बताया था कि आशुतोष ब्रह्मचारी जब बाथरूम में गए थे, तब वे पूरी तरह ठीक थे। शंकराचार्य ने तंज कसते हुए पूछा, "बाथरूम में गए तो ठीक थे, लेकिन बाहर निकले तो उनका यह हाल किसने कर दिया? बाथरूम के भीतर उनके साथ क्या हुआ, इसका जवाब रेलवे प्रशासन को देना चाहिए।"

उन्होंने इस पूरे मामले को बनावटी बताते हुए कहा कि यह सब केवल सरकारी सुरक्षा प्राप्त करने के लिए रचा गया एक नाटक प्रतीत होता है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर भारत सरकार की ट्रेनों में यात्री सुरक्षित नहीं हैं और जीआरपी (GRP) की मौजूदगी में हमला हो जाता है, तो यह सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा प्रश्नचिह्न है।

जांच की मांग: "दूध का दूध और पानी का पानी हो"

अपने ऊपर लगे आरोपों पर कड़ा रुख अपनाते हुए शंकराचार्य ने कहा, "हम तो अपनी धार्मिक यात्रा पर निकले हैं। वह कहां जा रहे हैं और क्या कर रहे हैं, इससे हमारा कोई सरोकार नहीं है। हमारी यात्रा के दौरान मीडिया का ध्यान अपनी ओर खींचने और हमें बदनाम करने के लिए ये बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं।"

उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। उन्होंने तर्क दिया कि आजकल ट्रेनों और स्टेशनों पर हर जगह सीसीटीवी कैमरे लगे होते हैं। कोच के भीतर कौन आया और कौन गया, इसकी पूरी फुटेज उपलब्ध होगी। पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करनी चाहिए ताकि 'दूध का दूध और पानी का पानी' हो सके।

संत समाज में वार-पलटवार

बता दें कि आशुतोष ब्रह्मचारी ने तहरीर दी थी कि प्रयागराज आते समय रीवा एक्सप्रेस में कौशांबी के सिराथू के पास उन पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी नाक काटने की कोशिश की गई। उन्होंने बाथरूम में खुद को बंद कर बचाया है। इस घटना के बाद से ही संतों के दो गुटों के बीच वार पलटवार दोबारा शुरू हो चुका है। पुलिस फिलहाल तहरीर लेकर जांच में जुटी है। आशुतोष का मेडिकल कराया गया है।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।