1 वर्ष से अधर में लटके पानी की टंकी निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन
संक्षेप: Shamli News - ग्रामीणों ने पिछले एक वर्ष से रुके पानी की टंकी के निर्माण कार्य को लेकर प्रदर्शन किया। इस कार्य का उद्देश्य क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति करना था, लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण यह अधूरा है।...
क्षेत्र के देहात बस्ती-बिजली घर मार्ग पर पिछले एक वर्ष से रुका पड़ा पानी की टंकी का निर्माण कार्य ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। यह कार्य नमामि गंगे एवं ग्रामीण जल आपूर्ति विभाग के तहत लगभग एक वर्ष पूर्व शुरू किया गया था, लेकिन विभागीय लापरवाही के चलते अब तक अधूरा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस टंकी के माध्यम से क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति शुरू की जानी थी, जिससे गांव में पानी की समस्या खत्म हो जाती। लेकिन निर्माण कार्य ठप होने से ग्रामीणों को पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। कई परिवार अपनी दैनिक जरूरतों के लिए आस-पड़ोस से पानी उधार लेने को मजबूर हैं।
ग्रामीण मोहम्मद शमशाद ने बताया कि अधिकारियों से कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। स्थिति से नाराज़ ग्रामीणों ने मौके पर प्रदर्शन कर विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और टंकी का निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने की मांग की। प्रदर्शन में मोहम्मद शमशाद, नदीम, सानू, अकरम, मुस्तफा सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि कार्य शीघ्र शुरू नहीं किया गया, तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस संबंध में ग्राम प्रधान चमन सिद्दीकी ने बताया कि उन्होंने कई बार जल विभाग के अधिकारियों को टंकी का कार्य पूरा करने के लिए अवगत कराया, लेकिन हर बार उन्हें “जल्द शुरू करने” का आश्वासन देकर टाल दिया जाता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




