छोटी नदियों के पुनरोद्धार पर जिला परियोजना अधिकारियों की एक्सपोजर विजिट
Shamli News - राज्य स्वच्छ गंगा मिशन, उत्तर प्रदेश ने 13 से 15 फरवरी 2026 तक जिला गंगा समितियों के जिला परियोजना अधिकारियों के लिए छोटी नदियों के पुनरोद्धार पर एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम आयोजित किया। डॉ राजेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने जल संरक्षण और सामुदायिक प्रयासों के महत्व पर जानकारी प्राप्त की।
राज्य स्वच्छ गंगा मिशन, उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदेश की जिला गंगा समितियों में कार्यरत जिला परियोजना अधिकारियों के लिए छोटी नदियों के पुनरोद्धार एवं सामुदायिक सहभागिता विषय पर तीन दिवसीय एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम 13 से 15 फरवरी 2026 तक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रसिद्ध जल संरक्षण विशेषज्ञ डॉ राजेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। कैराना क्षेत्र में कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने डॉ राजेन्द्र सिंह से जल संरक्षण, जल स्रोतों के पुनर्जीवन तथा समुदाय आधारित प्रयासों के महत्व पर मार्गदर्शन प्राप्त किया। साथ ही राजस्थान के करौली एवं धौलपुर क्षेत्रों में छोटी नदियों के सफल पुनर्जीवन से जुड़े व्यवहारिक एवं सामुदायिक मॉडलों का प्रत्यक्ष अध्ययन भी किया गया, जिससे भविष्य में प्रदेश की छोटी नदियों के संरक्षण एवं पुनरोद्धार कार्यों में सहायता मिल सके।
एक्सपोजर विजिट का संचालन जल संरक्षण योद्धा रणवीर सिंह के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के 35 जनपदों के जिला परियोजना अधिकारियों ने सोनालिका सिंह, राज्य स्वच्छ गंगा मिशन, लखनऊ के नेतृत्व में प्रतिभाग किया। जनपद शामली से जिला परियोजना अधिकारी डॉ सोनू कुमार ने भी इस एक्सपोजर विजिट में प्रतिभाग कर जल संरक्षण से जुड़े अनुभव प्राप्त किए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


