कैराना में तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे विद्यार्थी, देशभक्ति का संदेश
कैराना के विजय सिंह पथिक महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा रैली निकाली। प्राचार्य डॉ. ओमप्रकाश ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने तिरंगे के महत्व और स्वतंत्रता सेनानियों की प्रेरणा को साझा करते हुए लोगों से अभियान में सक्रियता से भाग लेने की अपील की।

कैराना। हर घर तिरंगा अभियान के तहत विजय सिंह पथिक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने नगर में तिरंगा रैली निकालकर लोगों को अभियान के प्रति जागरूक किया। उन्होंने राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। गुरुवार को महाविद्यालय परिसर से रैली को प्राचार्य डॉ. ओमप्रकाश ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को तिरंगे के महत्व और उसके गौरवशाली इतिहास के बारे में जानकारी दी। साथ ही प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराने के लिए लोगों को प्रेरित करने का आह्वान किया। रैली प्रशासनिक भवन से शुरू होकर पीजी, कॉमर्स और साइंस ब्लॉक से गुजरते हुए नगर के मुख्य मार्गों पर पहुंची।
इसके बाद कोतवाली कैराना सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए विद्यार्थियों ने लोगों को हर घर तिरंगा अभियान में सहभागिता के लिए प्रेरित किया। एनएसएस प्रथम इकाई की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. डॉली और एनसीसी प्रभारी डॉ. प्रदीप कुमार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. राकेश कुमार, डॉ. राम कुमार, डॉ. नीतू त्यागी, डॉ. अर्चना व डॉ. उत्तम कुमार ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। एनसीसी बटालियन शामली से सूबेदार राघवेंद्र सिंह, सूबेदार मोर मुकुट और हवलदार यशपाल भी रैली में मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में वंश कुमार, रूपेश कुमार, रोहन, खालिदा, महक, आंचल, सादिक, कुणाल, प्रशांत कुमार, अमजद, उत्तम सिंह और वंशिका सहित अन्य विद्यार्थियों ने सहयोग किया।

