Shamli News: मकान में मरम्मत के दौरान चोरी का आरोप, दो लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
Shamli News: कांधला में एक मकान की मरम्मत के दौरान पूजा घर से चांदी के छत्र, सिक्के और पीतल के बर्तन चोरी हो गए। मकान मालिक ने काम कर रहे दो लोगों पर चोरी का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की। उन्होंने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की और निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई।

Shamli News: कांधला। कस्बे में मकान की मरम्मत के दौरान पूजा घर से चांदी के छत्र, सिक्के और पीतल के बर्तन चोरी होने पर हड़कंप मच गया। मकान मालिक ने मरम्मत का कार्य कर रहे दो लोगों पर चोरी का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत कर कानूनी कार्रवाई करने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। मोहल्ला सरावज्ञान निवासी अरविंद कंबल पुत्र गोरोचंद एडवोकेट तथा पवन कंसल पुत्र गोरीचंद एडवोकेट ने अपने मकान में टूट-फूट और मरम्मत का कार्य कराने के लिए कांधला के बाईपास रोड स्थित मिल्ली फारुख सलीम तथा एक अन्य मजदूर मुस्तफा को काम पर लगाया था।
आरोप है कि दोनों पिछले लगभग एक माह से मकान में मरम्मत का कार्य कर रहे थे। दो दिन पूर्व उन्हें जानकारी हुई कि मकान के ऊपर बने पूजा वाले कमरे से देवी माता पर चढ़ाए गए छह चांदी के छत्र और वहां रखे चांदी के सिक्के कथित रूप से निकाल लिए गए। आरोप है कि सामान को कपड़े की खाली थैली में रख दिया गया था। इसके अलावा एक बड़ी पीतल की परात और पीतल के कुछ छोटे बर्तन भी गायब मिले। आरोप लगाया गया है कि मकान से करीब 10 फुट एसी की कॉपर पाइप भी चोरी कर ली गई। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। मकान मालिक ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा अपने और अपने परिवार के जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है। फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध नहीं है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

