शिक्षक भर्ती में आरक्षण अनियमिता का आरोप, जांच की मांग
Shamli News - शामली में सहायक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। अभ्यर्थियों ने आरक्षण नियमों के उल्लंघन और चयन प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि विभिन्न वर्गों के लिए निर्धारित आरक्षण मानकों का पालन नहीं किया गया और कुछ वर्गों में अधिक चयन हुआ है। उन्होंने निष्पक्ष जांच और संशोधन की मांग की है।

शामली। जनपद में सहायक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। अभ्यर्थियों ने डीएम व बीएसए कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर भर्ती में आरक्षण नियमों के उल्लंघन और चयन प्रक्रिया में अनियमितताओं का गंभीर आरोप लगाया है। मंगलवार को अभ्यार्थी गुलशन कुमार, सौरभ कुमार, दीपक कुमार, सूरज, प्रवेश कुमार ने दिए शिकायती पत्र में बताया कि विज्ञान विषय की भर्ती में सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए निर्धारित आरक्षण मानकों का सही तरीके से पालन नहीं किया गया। उनका कहना है कि कुछ वर्गों में निर्धारित प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थियों का चयन कर लिया गया, जबकि अन्य वर्गों को उनके हिस्से के अनुसार अवसर नहीं मिला।
प्रार्थना पत्र में प्रस्तुत आंकड़ों के आधार पर आरोप लगाया गया है कि सामान्य वर्ग में चयन प्रतिशत निर्धारित सीमा से अधिक है, जबकि ओबीसी और एससी वर्ग के अभ्यर्थियों का चयन अपेक्षाकृत कम हुआ है।अभ्यर्थियों ने उत्तर प्रदेश आरक्षण अधिनियम 1994 का हवाला देते हुए कहा कि भर्ती में लागू नियमों की अनदेखी की गई है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने और यदि अनियमितता पाई जाती है तो चयन सूची में आवश्यक संशोधन करने की मांग की है। इस संबंध में अभ्यर्थियों ने बीएसए से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि प्रभावित उम्मीदवारों को न्याय दिलाया जाए और भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखी जाए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


