नाला चॉक होने से दुकानों पर भरा पानी, व्यापार प्रभावित
Shamli News - शामली के विजय चौक पर नाले के चॉक होने से दुकानों में पानी भर गया। इससे दुकानदारों को हजारों रूपये का नुकसान हुआ है। दुकानदारों ने नगर पालिका से नालों की नियमित सफाई की मांग की है, क्योंकि पिछले एक महीने से नाले की सफाई नहीं की गई। विरोध प्रदर्शन में दुकानदारों ने नगर पालिका के खिलाफ नारेबाजी की।

शामली। शहर के विजय चौक पर नाला चॉक होने से बिन बरसात ही दुकानदारों की दुकानों में पानी भर गया। दिनभर दुकानों में पानी भरने से जहां दिनभर दुकानदारी प्रभावित हुई वही सामान भीगने से हजारों रूपये का नुकसान भी हुआ है। दुकानदारों ने नगर पालिका से नालों की नियमित साफ सफाई कराने की मांग की। शहर के विजय चौक स्थित नाले की नगर पालिका द्वारा पिछले एक महीने से साफ सफाई नही कराई गई। जिस कारण नाला गंदगी और कूडे के ढेर से पूरी तरह से अट गया है। गुरूवार को हालात यह हो गए कि जल निकासी प्रभावित हो गई और नाले का गंदा पानी सडकों से होते हुए दुकानदारों की दुकानों में भर गया।
जिससे हेयर सेलून, इंवर्टर बैटरा अन्य दुकानों में गंदा पानी भरने से आने जाने का रास्ता तक बंद हो गया। दुकानों में पानी भरने से आक्रोशित दुकानदारों ने नगर पालिका के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया और अपना विरोध दर्ज कराया। दुकानदारों का कहना था कि पिछले एक महीन से नाले की साफ सफाई नही हुई है। दिनभर गंदा पानी दुकानों में भरने से व्यापार प्रभावित है और सामान भीगने से हजारों रूपये का नुकसान भी हुआ है। उन्होने नगर पालिका से नियमित साफ सफाई कराने की मांग की। इस अवसर पर पवन कुमार, दिनेश कुमार, वसीम अहमद, प्रमोद कुमार मित्तल आदि मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



