जसाला पीसीएफ बफर गोदाम का सीडीओ ने किया निरीक्षण
Shamli News - शामली में, सीडीओ विनय कुमार तिवारी ने पीसीएफ गोदाम का निरीक्षण किया। गोदाम में 4440 मीट्रिक टन यूरिया और 1000 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध है। उन्होंने किसानों को उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने की सलाह दी और अनावश्यक भंडारण से बचने की अपील की।
शामली। जनपद में उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सीडीओ विनय कुमार तिवारी ने मंगलवार को पीसीएफ बफर गोदाम जसाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोदाम में यूरिया और डीएपी का पर्याप्त स्टॉक मौजूद पाया गया, जिससे आगामी खरीफ सीजन के लिए राहत की स्थिति बताई जा रही है। निरीक्षण के समय जिला कृषि अधिकारी प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि बफर गोदाम में करीब 4440 मीट्रिक टन यूरिया और 1000 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध है, जो कुल मिलाकर 1,17,680 बैग के बराबर है। सीडीओ ने स्पष्ट किया कि जनपद में किसी भी प्रकार के उर्वरक की कमी नहीं है और सभी समितियों पर अतिरिक्त स्टॉक उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे उर्वरकों का संतुलित मात्रा में उपयोग करें और अनावश्यक भंडारण से बचें। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशानुसार प्रति हेक्टेयर भूमि पर एक किसान को अधिकतम 5 बैग डीएपी और 7 बैग यूरिया ही दिया जा सकता है। इससे अधिक भंडारण करना उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 का उल्लंघन माना जाएगा। बताया कि जनपद में वर्तमान में यूरिया 10,750.020 मीट्रिक टन, डीएपी 1,791.200 मीट्रिक टन, एनपीके 357.800 मीट्रिक टन, एमओपी 246.100 मीट्रिक टन और एसएसपी 1,234.215 मीट्रिक टन उपलब्ध है। अधिकारियों ने किसानों को सलाह दी कि गन्ना व अन्य फसलों की बुवाई में एनपीके और एसएसपी उर्वरकों का अधिक उपयोग करें, जिससे भूमि को आवश्यक पोषक तत्वों के साथ सल्फर भी मिल सके। साथ ही सभी उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे बिक्री के समय अनिवार्य रूप से कैश मेमो जारी करें, पीओएस मशीन के माध्यम से ही उर्वरक वितरण करें और अपने स्टॉक रजिस्टर को नियमित रूप से अपडेट रखें। इस अवसर पर सहायक निबंधक सहकारी समितियां, डीएसपीसीएफ शामली तथा भंडार नायक पीसीएफ जसाला मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


