मूसलाधार बारिश से नाले-सड़कों पर जमा हुआ पानी

Newswrap हिन्दुस्तान, शामली
share

Shamli News - चौसाना। तेज तूफान और बारिश ने विकास कार्यों की स्थिति को उजागर किया। बारिश के कारण गलियां और सड़कें जलमग्न हो गईं, जिससे लोग घरों से नहीं निकल सके। बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई, जिससे ग्रामीणों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। पंचायत ने सफाई और जल निकासी की मांग की।

मूसलाधार बारिश से नाले-सड़कों पर जमा हुआ पानी

चौसाना। बुधवार देर रात आए तेज तूफान और मूसलाधार बारिश ने चौसाना क्षेत्र में ग्राम पंचायत द्वारा कराए गए विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति उजागर कर दी। करीब आधे घंटे तक लगातार हुई बारिश के बाद गांव की गलियां, सड़कें और नालियां पानी से लबालब भर गईं। कई स्थानों पर नाले ओवरफ्लो हो गए, जिससे गंदा पानी सड़कों पर फैल गया और लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। बारिश के दौरान तेज हवाओं के कारण कई पेड़ों की डालियां टूटकर रास्तों पर गिर गईं। वहीं उड़कर आई पॉलीथीन और कूड़ा नालियों में फंस गया, जिससे जल निकासी पूरी तरह बाधित हो गई। हालात यह रहे कि रातभर ग्रामीण घरों में दुबके रहने को मजबूर रहे। गुरुवार सुबह भी कई मोहल्लों में जलभराव की स्थिति बनी रही और लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा।

पंचायत की लापरवाही

ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत द्वारा समय-समय पर नालियों की सफाई नहीं कराई जाती, जिसके कारण हल्की बारिश में भी जलभराव की समस्या खड़ी हो जाती है। लोगों ने बताया कि गांव में लाखों रुपये के विकास कार्य दिखाए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं पूरी तरह बदहाल हैं। बारिश ने इन दावों की पोल खोलकर रख दी है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और दिहाड़ी मजदूरों को उठानी पड़ी। कई घरों के बाहर पानी जमा होने से लोगों को संक्रमण और बीमारियों का डर भी सताने लगा है। ग्रामीणों ने पंचायत विभाग से तत्काल नालियों की सफाई कराने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था किए जाने की मांग की है, ताकि आगामी बारिश में लोगों को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

Voice of UP 🎤: यूपी का सबसे बड़ा Talent Contest— Register करो, talent दिखाओ ✨ Download App

22 घंटो तक बाधित रही आपूर्ति,लोगो मे हाहाकार

चौसाना। बुधवार शाम आई तेज आंधी, तूफान और बारिश ने चौसाना क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं के चलते 33 हजार केवीए लाइन में फाल्ट आने से चौसाना समेत दर्जनों गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बारिश और तूफान थमने के बाद विद्युत विभाग की टीम ने लाइन की पेट्रोलिंग शुरू की। जांच में 33 केवी लाइन पर लिप्टिस का पेड़ तारों पर गिरा मिला, जिसके कारण आपूर्ति ठप हो गई थी। काफी मशक्कत के बाद देर रात करीब 12 बजे चौसाना और भड़ी टाउन की बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।

बिजली संकट का सामना

खेड़की क्षेत्र में बिजली लाइन पर होर्डिंग्स फंस जाने के कारण रातभर विद्युत आपूर्ति बाधित रही। वहीं जिजौला गांव में तेज हवाओं के चलते लाइन पर पेड़ गिरने से कई स्थानों पर एंगल और पोल टूट गए। गुरुवार सुबह से ही लाइनमैन मरम्मत कार्य में जुट गए। देर शाम करीब 5.30 बजे आपूर्ति चालू की गई, लेकिन करीब 15 मिनट बाद दोबारा शटडाउन लेना पड़ गया। इससे जिजौला क्षेत्र में करीब 22 घंटे तक बिजली संकट बना रहा। बिजली आपूर्ति बाधित रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। घरों में पेयजल संकट गहरा गया और इनवर्टर भी जवाब दे गए। मोबाइल फोन चार्ज नहीं हो सके, जिससे लोगों का संपर्क प्रभावित रहा। पशुपालकों को पशुओं के लिए चारा काटने और मशीनों से चारा बनाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई घरों में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई, जबकि महिलाओं को घरेलू कार्यों में परेशानी उठानी पड़ी। गर्मी और उमस के बीच पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी, जिससे लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली।जेई आजम अकबर ने बताया कि लाइन को क्लियर कर दिया गया है और जल्द ही जिजौला की विद्युत आपूर्ति सुचारु रूप से चालू कर दी जाएगी।

सामान्य प्रश्न

चौसाना में बारिश के कारण क्या समस्याएँ हुईं?
बारिश के कारण गलियां, सड़कें और नालियां जलमग्न हो गईं, जिससे लोग घरों से नहीं निकल सके।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।