भीषण गर्मी में झुलसा जनजीवन, लू के थपेड़ों से लोग बेहाल
Shamli News - जनपद में भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। बाजारों में भीड़ कम है, और ठंडे पेय पदार्थों की मांग में तेजी आई है।
जनपद में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। रविवार को सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर होते-होते सड़कों पर सन्नाटा पसर गया और जरूरी काम से निकलने वाले लोग भी गर्मी से बचने के लिए छांव तलाशते नजर आए। आसमान से बरस रही आग के बीच मौसम का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भीषण गर्मी के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। गर्म हवाओं के चलते बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम रही।
सुबह से ही तेज धूप का असर हाईवे पर भी देखने को मिला। वाहनों की आवाजाही सामान्य रही, लेकिन राहगीर और दोपहिया वाहन चालक गर्मी से बचने के लिए सिर और चेहरे को कपड़ों से ढककर निकलते दिखाई दिए। शहर के मुख्य बाजारों में दोपहर के समय अधिकांश स्थानों पर सन्नाटा पसरा रहा। दुकानदार भी ग्राहकों की कमी से परेशान नजर आए। गर्मी बढ़ने के साथ ही शीतल पेय, जूस, आइसक्रीम और ठंडे पानी की मांग में तेजी आ गई है। शहर में जगह-जगह लोग गन्ने का रस, शिकंजी और अन्य ठंडे पेय पदार्थों का सेवन करते दिखाई दिए। वहीं बिजली की बढ़ती मांग के चलते कई क्षेत्रों में लो-वोल्टेज और कटौती की समस्या भी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। चिकित्सकों ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने तथा हल्के एवं सूती कपड़े पहनने की सलाह दी है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


