भीषण गर्मी में लोड़ बढ़ने से हांफ रहे बिजलीघर, आपूर्ति लड़खड़ाई
Shamli News - शामली में बढ़ती गर्मी के कारण बिजली की खपत में तेजी से वृद्धि हुई है। मई में विद्युत लोड 1067.42 किलोवाट बढ़ गया है, जिससे ट्रांसफार्मर फूंकने की घटनाएं बढ़ गई हैं। कई ट्रांसफार्मर अब तक नहीं बदले गए हैं, जिससे बिजली आपूर्ति में समस्या उत्पन्न हो रही है। विभाग ने उपभोक्ताओं से बिजली का सावधानी से उपयोग करने की अपील की है।

शामली। दिन पर दिन बढ़ती जा रही भीषण गर्मी में बिजली की खपत भी बढ़ गयी है। मई माह में 1067.42 विद्युत लोड बढ़ गया है। इसके चलते बिजलीघर एवं ट्रांसफार्मर भी हांफने लगे है और ट्रांसफार्मर भी फूंकने लगे है। इससे जनपद में बिजली आपूर्ति लड़खड़ा गयी है। शामली में इंडस्ट्रियल क्षेत्र का मुख्य ट्रांसफार्मर भी फूंक गया हालांकि उसे दो दिन बाद ही बदल दिया गया लेकिन जिले में करीब 20 ट्रांसफार्मर कई दिनों से फूंके है। इन्हें अभी तक नहीं बदला गया है। जिले में पड़ रही भीषण गर्मी ने आम जनजीवन के साथ बिजली व्यवस्था की भी सांसें फुला दी हैं।
तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने से बिजली की खपत तेजी से बढ़ी है। घरों, दुकानों और कार्यालयों में कूलर, एसी और पंखों के लगातार उपयोग के कारण विद्युत लोड अचानक बढ़ गया है। विभागीय जानकारी के अनुसार अप्रैल माह में जिले का विद्युत लोड 923038.95 किलोवाट दर्ज किया गया था, जबकि अब इसमें 1067.42 किलोवाट की अतिरिक्त बढ़ोतरी हो चुकी है। बढ़ते लोड के चलते बिजलीघर और ट्रांसफार्मर ओवरलोड होकर जवाब देने लगे हैं। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक ट्रिपिंग और अघोषित कटौती की समस्या लगातार बढ़ रही है। कई इलाकों में ट्रांसफार्मर फुंकने की घटनाएं सामने आई हैं। जनपद मुख्यालय पर भी लो वोल्टेज की समस्या बनी है। इसके अलावा बिजली के ट्रिपिंग भी बढ़ गयी है। देहात क्षेत्र में बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है, क्योंकि बिजली बाधित होने से पानी की मोटरें नहीं चल पा रहीं। विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता वीरेंद्र सिंह ने बताया कि विद्युत विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अत्यधिक गर्मी के कारण मांग में अचानक वृद्धि हुई है। ओवरलोडिंग से बचने के लिए टीमों को सतर्क रखा गया है तथा खराब ट्रांसफार्मरों को बदलने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। विभाग ने उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि अनावश्यक बिजली उपकरणों का उपयोग कम करें ताकि लोड नियंत्रित रह सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


