वोटर लिस्ट से नाम कटवाने के फर्जीवाड़े का आरोप, सपा ने कांधला थाने में दर्ज कराई एफआईआर
Shamli News - समाजवादी पार्टी ने शेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान मतदाताओं के नाम कटवाने की साजिश के आरोप में कांधला थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पार्टी ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। आरोप है कि एक ही नाम से कई फार्म-7 भरे गए हैं, जबकि संबंधित मतदाता ने फार्म भरने से इनकार किया है।

शेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान फार्म-7 के माध्यम से मतदाताओं के नाम कटवाने की कथित साजिश का मामला सामने आने पर समाजवादी पार्टी ने कांधला थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। जिलाध्यक्ष अशोक चौधरी ने कांधला थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। जिला उपाध्यक्ष जावेद जंग के अनुसार पार्टी द्वारा नियुक्त बीएलए तैयब ने सूचना दी कि कांधला के बूथ संख्या 330 पर 347, बूथ संख्या 331 पर 451 तथा बूथ संख्या 334 पर 205 फार्म-7 प्राप्त हुए थे। बताया गया कि बीएलओ द्वारा फार्म वितरित किए जाने के बाद जब संबंधित मतदाताओं ने आपत्ति दर्ज कराई तो सुपरवाइजर द्वारा फार्म वापस करने के निर्देश दिए गए।
पार्टी के बीएलए का आरोप है कि सभी फार्म-7 एक ही नाम से भरे गए हैं। जिनके नाम से फार्म भरे गए बताए जा रहे हैं, उनमें से एक राजवीर सिंह ने फोन पर स्पष्ट किया कि उन्होंने कोई फार्म-7 नहीं भरा है।मामले को गंभीर बताते हुए सपा ने कांधला थाने में एफआईआर दर्ज कराई। सपा प्रवक्ता प्रोफेसर सुधीर पंवार ने कहा कि प्रदेशभर में पार्टी के मतदाताओं के नाम काटने की बड़ी साजिश की आशंका है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




