करनाल रोड पर पुल निर्माण कार्य में लापरवाही, हादसे का खतरा बढ़ा
शामली के करनाल रोड पर पूर्वी यमुना नहर पर नए पुल का निर्माण जारी है। पुराने पुल को तोड़ने के बाद सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं, जिससे बड़े हादसे का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से चेतावनी संकेतक और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की मांग की है।

शामली। शहर के करनाल रोड स्थित पूर्वी यमुना नहर पर नए पुल का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण के चलते पुराने पुल को तोड़ दिया गया है, लेकिन मौके पर सुरक्षा के कोई पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। बेरिकेटिंग नहीं होने से यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों कमलवीर एडवोकेट, वैभव कुमार का कहना है कि पुल टूटने के बाद मार्ग पर न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही किसी प्रकार की सुरक्षा घेराबंदी की गई है। रात के समय अंधेरा होने के कारण वाहन चालकों को स्थिति का सही अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई तो कोई भी वाहन सीधे नहर में गिर सकता है। खासकर बाहर से आने वाले वाहन चालकों के लिए यह स्थान बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग एवं प्रशासन से मांग की है कि निर्माण स्थल पर तत्काल बेरिकेटिंग, चेतावनी संकेतक और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराई जाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


