किसानों के लिए खुशखबरी, जिले में यूरिया और डीएपी की रैक पहुंची
Shamli News - गेहूं की बुआई के लिए किसानों के लिए खुशखबरी है। जिले में 1337.40 मीट्रिक टन यूरिया और 1323 मीट्रिक टन डीएपी की रैक पहुंची है। ये कृषि गोदाम में रखी जाएगी और सहकारी समितियों में भेजी जाएगी। किसानों में डीएपी की भारी मांग है और अब इसकी कमी नहीं होगी।
गेहूं की बुआई के लिए यूरिया एवं डीएपी संकट से जूझ रहे किसानों के लिए खुशखबरी है। जिले में यूरिया और डीएपी की बड़ी खेप पहुंच गयी है। जिले में 1337.40 मीट्रिक टन यूरिया और 1323 मीट्रिक टन डीएपी की रैक पहुंच गयी है। उक्त रैक को जसाला में कृषि गोदाम में बफर स्टॉक में रखा जायेगा। डिमांड के मुताबिक उक्त यूरिया और डीएपी सहकारी समितियों में भेजी जायेगी। जनपद में गेहूं बुआई सीजन में डीएपी की किसानों में भारी मांग है, हालांकि करीब एक पखवाड़ा पहले डीएपी की एक रैक आयी थी, लेकिन वह सहकारी समितियों में पहुंचते ही हाथों हाथ उठ गयी थी।

इस पर एआर कॉपरेटिव ने शासन को यूरिया एवं डीएपी दोनों की डिमांड भेजी थी। सोमवार में डीएपी और यूरिया की रैक मालगाड़ी से शामली स्टेशन पर पहुंच गयी है। जिला कृषि अधिकारी प्रदीप यादव ने बताया कि शाहजहांपुर से 1337.40 मीट्रिक टन यूरिया और गुजरात के मुद्राकोट से 1323 मीट्रिक टन डीएपी की रैक पहुंच गयी है। उक्त दोनों को भी जसाला में स्थित कृषि गोदाम में रखवाया जा रहा है। इसके बाद यह सहकारी समितियों को भेजा जायेगा। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जनपद में यूरिया एवं डीएपी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हो गयी है। किसानों को इसकी कमी नहीं होने दी जायेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




