होलिका दहन स्थल पर गंदगी का ढेर, लोगों में रोष
Shamli News - कस्बे के होलिका दहन स्थल पर नाले की गंदगी के ढेर ने व्यापारियों और श्रद्धालुओं में रोष पैदा कर दिया है। लोग इस पवित्र स्थल की सफाई की मांग कर रहे हैं ताकि होली का पर्व श्रद्धा से मनाया जा सके। यदि जल्द सफाई नहीं की गई, तो नागरिक विरोध दर्ज कराने की चेतावनी दे रहे हैं।

कस्बे के निर्धारित होलिका दहन स्थल पर नाले की गंदगी का ढेर लगाए जाने से व्यापारियों व आम लोगों में भारी रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि यह स्थल प्रतिवर्ष होली के पावन अवसर पर होलिका पूजन और दहन के लिए उपयोग में लाया जाता है, जहां हजारों श्रद्धालु एकत्र होकर पूजा-अर्चना करते हैं। बसंत पंचमी के बाद से ही यहां होलिका दहन की तैयारियां शुरू हो जाती हैं, लेकिन इस बार स्थल के समीप निर्माण किए गए नाले की सफाई से निकाली गई गंदगी डाल दी गई है। इससे आसपास दुर्गंध फैल रही है और श्रद्धालुओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि पवित्र स्थल की स्वच्छता को लेकर नगर पंचायत गंभीर नहीं दिख रहा। व्यापारी अमित कुमार, नवीन गर्ग, अतुल शर्मा, सुशील पांचाल, कवर पाल, हितकर मित्तल, सोहनलाल व राहुल सहित अन्य लोगों ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि आस्था से जुड़े स्थान पर इस प्रकार गंदगी डालना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि एक ओर लोग श्रद्धा भाव से त्योहार की तैयारियों में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर गंदगी का ढेर धार्मिक भावनाओं को आहत कर रहा है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही सफाई कर गंदगी नहीं हटाई गई तो वे संबंधित अधिकारियों से मिलकर विरोध दर्ज कराएंगे। नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल सफाई कर्मचारियों को भेजकर स्थल को स्वच्छ कराने की मांग की है, ताकि होलिका दहन का कार्यक्रम गरिमापूर्ण एवं श्रद्धापूर्वक संपन्न हो सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



