पुलिस का शिकंजा, 66 चालकों के चालान किए
Shamli News - शामली में ध्वनि प्रदूषण और सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। 3 से 5 अप्रैल तक चले इस अभियान में 66 वाहन चालकों के चालान किए गए और कई विक्रेताओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए। कुल 1319 वाहनों की जांच की गई, जिसमें अवैध उपकरण जब्त किए गए और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
शामली। जिले में ध्वनि प्रदूषण और सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान चलाया। 3 अप्रैल से 5 अप्रैल तक चले इस अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 66 वाहन चालकों के चालान किए गए, वहीं कई विक्रेताओं के खिलाफ मुकदमे भी दर्ज किए गए। जनपद पुलिस ने एसपी एनपी सिंह के आदेश एवं अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण, आमजन की शांति व स्वास्थ्य की सुरक्षा तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। अभियान के दौरान कुल 1319 वाहनों की जांच की गई।
इनमें मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करने वाले 37, प्रेशर हॉर्न लगाने वाले 24 तथा हूटर का प्रयोग करने वाले 5 वाहन चालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी कार्रवाई करते हुए अवैध उपकरण जब्त किए गए और संबंधित आरोपियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए। कैराना पुलिस ने एक दुकान से 15 मॉडिफाइड साइलेंसर बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। झिंझाना पुलिस ने 14 साइलेंसर, 4 प्रेशर हॉर्न और 2 ध्वनि उपकरण बरामद किए। आदर्श मंडी थाना पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर पटाखे जैसी आवाज निकालने वाले तीन बाइक सवारों को गिरफ्तार किया, जबकि कांधला पुलिस ने 5 साइलेंसर और 8 प्रेशर हॉर्न बरामद कर तीन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहनों में किसी भी प्रकार के अवैध मॉडिफिकेशन का प्रयोग न करें और यातायात नियमों का पालन करें।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


