Shamli News: उद्यमी को व्हाट्सएप पर जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार
Shamli News: शहर कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसने व्हाट्सएप पर उद्यमी विभोर गर्ग को जान से मारने की धमकी दी थी। आरोपी के पास से एक एप्पल मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किया गया। एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है। एसपी ने जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।

Shamli News: व्हाट्सएप के माध्यम से जान से मारने की धमकी देने के मामले में शहर कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धमकी देने में प्रयुक्त एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किया है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है। कैराना-पानीपत रोड स्थित कंडेला इंडस्ट्रीयल स्टेट निवासी उद्यमी विभोर गर्ग को व्हाट्सएप के माध्यम से मैसेज भेजकर दो दिन के भीतर जान से मारने की धमकी दी गई थी। मामले में पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली शामली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी एनपी सिंह ने प्रभारी निरीक्षक को घटना का जल्द खुलासा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में 21 अगस्त की रात संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग के दौरान कोतवाली शामली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश वर्मा पुत्र स्व. चंद्र प्रकाश निवासी माधवपुरम, थाना ब्रह्मपुरी, मेरठ के रूप में हुई। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन मय सिम बरामद किया गया।


