ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में पीयूष शर्मा का डबल गोल्ड

Mar 01, 2026 08:08 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, शामली
share Share
Follow Us on

Shamli News - उत्तर प्रदेश पुलिस के अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज पियूष शर्मा ने मध्यप्रदेश के इंदौर में आयोजित 19वें ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में व्यक्तिगत और टीम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया। उन्होंने 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण जीता। इस उपलब्धि से जनपद में हर्ष का माहौल है।

ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में पीयूष शर्मा का डबल गोल्ड

मध्यप्रदेश के इंदौर में आयोजित 19वें ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में उत्तर प्रदेश पुलिस का प्रतिनिधित्व करते हुए शामली राइफल क्लब के प्रशिक्षु अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज पियूष शर्मा ने व्यक्तिगत एवं टीम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उनकी इस उपलब्धि से जनपद में हर्ष का माहौल है। ग्राम मादलपुर निवासी किसान मुकेश शर्मा के बेटे पियूष शर्मा वर्तमान में मेरठ की छठी वाहिनी पीएसी से संबद्ध होकर निशानेबाजी का अभ्यास कर रहे हैं। वह शामली राइफल क्लब के प्रशिक्षु खिलाड़ी हैं और पूर्व में भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं। 21 से 28 फरवरी तक बीएसएफ सेंटर इंदौर में आयोजित प्रतियोगिता में पियूष शर्मा ने 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में 627.8 अंक हासिल कर व्यक्तिगत वर्ग में राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता।

वहीं टीम वर्ग में ग्राम टोडा निवासी आकाश कुमार एवं तीसरे खिलाड़ी अमन रावल के साथ 1879.1 अंक अर्जित कर रिकॉर्ड स्कोर के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। पियूष शर्मा इससे पूर्व कजाकिस्तान में आयोजित एशियन चौंपियनशिप तथा नई दिल्ली में आयोजित निशानेबाजी विश्व कप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। साथ ही दिसंबर माह में भोपाल में आयोजित 68वीं नेशनल शूटिंग चौंपियनशिप में स्वर्ण एवं रजत पदक भी जीत चुके हैं। खिलाड़ियों एवं पदाधिकारियों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर खुशी मनाई। इस अवसर पर मुकेश चौधरी, तपन मलिक, अभिनव निर्वाल, डॉ. धीरेन्द्र ब्रह्मचारी, अमन चौधरी, जतिन निर्वाल, वंश चौधरी, शिवम बालियान, अभिनव पंवार, शौर्य शर्मा, संस्कार सिंघल, अनंत पंवार मौजूद रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।