Shamli News: मरीज की मौत के बाद वेंटीलेटर पर रख पैसा उतारने के आरोप को लेकर हंगामा

हिन्दुस्तान, शामली
Follow us on Google News
share

Shamli News: शामली में एक निजी अस्पताल में भर्ती मरीज की मौत के बाद हंगामा हुआ। परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया और शव को न देने पर नाराजगी जताई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है। अस्पताल प्रशासन ने कहा कि मरीज ब्रेन डेड है लेकिन इलाज जारी है।

मरीज  की मौत के बाद वेंटीलेटर पर रख पैसा उतारने के आरोप को लेकर हंगामा

Shamli News: शामली। आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के सहारनपुर हाईवे पर एक निजी अस्पताल में भर्ती मरीज की हालत को लेकर शनिवार को विवाद खड़ा हो गया। मरीज के परिजनों ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया और मामले की जांच शुरू कर दी। मेरठ जनपद के गांव राछोटी निवासी देवेंद्र पुत्र अनूप को गत 9 जुलाई को सहारनपुर हाईवे स्थित गंगा अमृत हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के बताया कि देवेंद्र कैंसर से पीड़ित है और दूसरे चिकित्सक की सलाह पर उन्हें इस अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

परिजनों का आरोप है कि शुक्रवार देर रात उनकी अनुमति के बिना मरीज को आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया। उनका कहना है कि इसके बाद उन्हें मरीज से मिलने नहीं दिया गया और लगातार दवाइयां मंगवाई जाती रहीं, लेकिन मरीज की वास्तविक स्थिति की जानकारी नहीं दी गई। शनिवार को परिजनों ने आरोप लगाया कि मरीज की मौत हो चुकी है, लेकिन अस्पताल प्रशासन उन्हें शव नहीं सौंप रहा है। परिजनों का कहना था कि यदि मरीज जीवित है तो उन्हें उसकी स्थिति स्पष्ट रूप से बताई जाए और यदि उसकी मृत्यु हो चुकी है तो शव उन्हें सौंप दिया जाए। इस दौरान अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। घटना के बाद परिजनों, विशेषकर मृतक की दोनों बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल था। सूचना मिलने पर आदर्श मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराया। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू कर दी है। वहीं अस्पताल के हेड डा. सुनील पंवार का कहना है कि मरीज का ब्रेन डेड हो चुका है, लेकिन उसका हृदय वेंटिलेटर सपोर्ट पर कार्य कर रहा है और चिकित्सकीय प्रक्रिया के तहत उसका उपचार जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।