
आपसी रंजिश में घर में घुसकर युवक पर जानलेवा हमला, मुकदमा दर्ज
Shamli News - गांव के तीन युवकों ने पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर घर में घुसकर धारदार हथियारों से हमला किया। घायल युवक मेहरबान को गंभीर चोटें आईं। आरोपी फरार हो गए और पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की हैं।
पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही तीन युवकों ने घर में घुसकर एक युवक पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर सुनकर आए परिजनों को जान से मारने की धमकी देकर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीनों के खिलाफ जानलेवा हमले सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत में उस समय दहशत फैल गई जब पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही तीन युवकों ने एक युवक के घर में घुसकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया। घायल युवक मेहरबान पुत्र लियाकत ने बताया कि गांव के ही इमरान, इसरार और इम्तियाज पुत्रगण इरशाद ने देर रात उसके घर में घुसकर पहले गाली-गलौज की और फिर धारदार हथियारों से उस पर ताबड़तोड़ वार किए।
हमले में मेहरबान गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो आरोपी तिकड़ी उन्हें भी जान से मारने की धमकी देते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। परिजनों ने तुरंत मेहरबान को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। इलाज के बाद परिजन थाने पहुंचे और तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस ने पीड़ित मेहरबान की तहरीर पर इमरान, इसरार और इम्तियाज के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




