पानीपत से अपहृत 9 वर्षीय बालक कोतवाली पहुंचा
Shamli News - हरियाणा के पानीपत से एक नौ वर्षीय बालक बंटी का अपहरण उसकी बहन और जीजा द्वारा किया गया था। वह स्वयं कैराना कोतवाली पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसे जबरन बाइक पर ले जाया गया था। हरियाणा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और बच्चे की मां ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया।

कैराना। हरियाणा के जनपद पानीपत से सगी बहन और जीजा द्वारा कथित रूप से अपहरण किया गया नौ वर्षीय बालक स्थानीय कोतवाली पहुंच गया। सूचना मिलने पर पानीपत के थाना चांदनी बाग पुलिस कैराना पहुंची और बच्चे को अपने साथ ले गई। रविवार शाम करीब नौ वर्षीय बालक बंटी स्वयं कैराना कोतवाली पहुंचा। उसने पुलिस को बताया कि वह पानीपत का रहने वाला है। आरोप लगाया कि उसकी बहन और जीजा उसे जबरन बाइक पर बैठाकर तितरवाड़ा ले गए थे। बालक ने बताया कि वह किसी तरह वहां से निकलकर कैराना पहुंचा है। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने मामले की सूचना हरियाणा पुलिस को दी।
कुछ देर बाद थाना चांदनी बाग पानीपत के उपनिरीक्षक सत्यपाल अपनी टीम के साथ कोतवाली पहुंचे। हरियाणा पुलिस ने बताया कि बालक की मां सुशीला निवासी पीपल वाली छोटी मस्जिद के पास देवी उद्यान थाना चांदनी बाग पानीपत ने अपनी बेटी पायल और दामाद गोविंदा निवासीगण तितरवाड़ा के विरुद्ध अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस के अनुसार, करीब आठ माह पूर्व पायल की शादी गोविंदा के साथ हुई थी। गोविंदा का अपने चाचा किरणपाल से विवाद चल रहा था, जिसके चलते बेटी और दामाद पिछले करीब 15 दिनों से पानीपत में रह रहे थे। बताया गया कि 13 मई को दोनों नौ वर्षीय बंटी को अपने साथ लेकर चले गए थे, जिसके बाद से वह लापता था। वहीं, पूछताछ के दौरान बालक द्वारा बार-बार बयान बदलने पर पुलिस को मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। हालांकि, हरियाणा पुलिस बच्चे को अपने साथ लेकर चली गई।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


