
महिलाओं और बच्चियों को दी आत्मनिर्भरता की सीख
Shamli News - मिशन शक्ति अभियान के तहत खेड़ी बैरागी गाँव में पुलिस विभाग ने महिलाओं और किशोरियों को सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में जागरूक किया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उनके अधिकारों की जानकारी देना और हेल्पलाइन नंबरों से परिचित कराना था। अंत में, सुरक्षा संबंधी पम्पलेट वितरित किए गए।
मिशन शक्ति अभियान के तहत मंगलवार को बाबरी क्षेत्र के गांव खेड़ी बैरागी में पुलिस विभाग की मिशन शक्ति टीम व एंटी रोमियो स्क्वॉड ने पहुँचकर ग्रामीण महिलाओं और किशोरियों को सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में जागरूक किया।इस दौरान महिला सुरक्षा केंद्र प्रभारी कुसुमपाल सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं-बच्चियों को आत्मनिर्भर बनाना, उनके अधिकारों की जानकारी देना तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त करने के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों से परिचित कराना था। मिशन शक्ति टीम द्वारा गाँव के सार्वजनिक स्थल पर एकत्र महिलाओं और किशोरियों व बच्चियों से मुलाक़ात क़ी।
उप निरीक्षक धर्मपाल सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। मिशन शक्ति टीम सदस्य सोनिया चौधरी द्वारा इस अवसर पर 1090 महिला हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन नंबर, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 181 महिला सहायता नंबर सहित अन्य आवश्यक संपर्क सूत्रों की जानकारी दी गई। एंटी रोमियो टीम सदस्य ममता द्वारा मौजूद महिलाओ, बच्चियों को समझाया गया कि किसी भी उत्पीड़क व्यवहार, छेड़खानी, स्टॉकिंग या घरेलू हिंसा की स्थिति में तुरंत इन हेल्पलाइन पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। एंटी रोमियो टीम ने बच्चियों को ‘गुड टच-बैड टच’ की पहचान, मोबाइल व सोशल मीडिया पर सुरक्षित रहने के तरीके, तथा किसी अजनबी से सावधान रहने जैसी महत्वपूर्ण बातें समझाईं। पुलिसकर्मियों ने यह भी बताया कि शिकायत करने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाती है, इसलिए डरने की आवश्यकता नहीं है। कार्यक्रम के अंत में टीम ने सभी को सुरक्षा संबंधी पम्पलेट वितरित किए और भविष्य में भी ऐसे जागरूकता अभियानों को गाँव-गाँव पहुँचाने का आश्वासन दिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




