थानाभवन नगर पंचायत चेयरपर्सन के पति समेत छह पर मुकदमा दर्ज
Shamli News - थानाभवन में मीठी कुई की जमीन विवाद पर नगर पंचायत चेयरपर्सन के पति हाजी राव जमशेद समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि उन्होंने सरकारी बाउंड्रीवाल को ध्वस्त किया और नगर पंचायत का बोर्ड उखाड़ा। मामले की जांच जारी है।

थानाभवन में मीठी कुई के जमीन विवाद में नगर पंचायत चेयरपर्सन के पति के खिलाफ ईओ ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मुकदमा दर्ज करा दिया। चेयरपर्सन के पति समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोप है कि उक्त जमीन पर नगर पंचायत द्वारा कराई जा रही बाउंड्रीवाल को चेयरपर्सन पति व उसके साथियों ने ध्वस्त किया और नगर पंचायत का लगा बोर्ड भी उखाड़ दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। थाना भवन क्षेत्र में ‘मीठी कुई’ के नाम से प्रसिद्ध कुए की भूमि को लेकर नगर पंचायत व नगर पंचायत अध्यक्षा के पति आमने-सामने आ गए हैं।
नगर पंचायत अध्यक्षा मुशयदा के पति हाजी राव जमशेद इस भूमि को अपनी पुश्तैनी जमीन बता रहे हैं जबकि नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी जितेंद्र राणा जमीन के सरकारी होने का दावा कर रहे है। अधिशासी अधिकारी जितेंद्र राणा का आरोप है कि हाजी राव जमशेद ने पांच लोगों के साथ मिलकर उक्त खाली पड़े प्लॉट पर कराई गई रेडीमेड बाउंड्री व नगर पंचायत का लगा बोर्ड भी उखाड़ कर निर्माण कार्य को ध्वस्त कर दिया और भूमि पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया। उन्होंने इनके खिलाफ थाने में तहरीर देते हुए सार्वजनिक संपत्ति नुकसान अधिनियम 1984 की धारा 2 व 3, भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की धारा 329 के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत करा दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि ईओ की तहरीर के आधार पर नगर पंचायत थाना भवन अध्यक्षा पति राव जमशेद, सलीम पुत्र अली हसन जुनैद पुत्र इरशाद रिजवान पुत्र जाहिद शकील अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसकी जांच प्रारंभ कर दी है। उधर नगर पंचायत अध्यक्ष पति हाजी राव जमशेद का कहना है कि उक्त जमीन उनकी पुस्तेनी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


