पंचो के फैसले के विरोध मे धरने पर बैठा ग्रामीण,जमानत के एक लाख रुपये को लेकर बढ़ा विवाद
Shamli News - सकौती गांव में चार भाइयों के बीच जमीन का विवाद फिर से बढ़ गया है। एक भाई, तेजपाल, पंचायत के फैसले से असंतुष्ट होकर धरने पर बैठ गया है। उसने आरोप लगाया है कि पंचायत का निर्णय पक्षपाती था। गांव में तनाव बढ़ने की आशंका है, क्योंकि तेजपाल ने अपनी जमानत राशि वापस मांगी है।

सकौती गांव में चार सगे भाइयों के बीच वर्षों से चला आ रहा जमीनी विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। पंचायत के फैसले से असंतुष्ट एक भाई द्वारा पंच के घर के बाहर धरना देने से गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया है। ग्रामीणों को आशंका है कि यह विवाद दोबारा गंभीर रूप ले सकता है। सकौती निवासी महक सिंह, ऋषिपाल, तेजपाल और विजयपाल चारों भाई हैं। इनकी पैतृक भूमि मुश्तरका खाते में दर्ज है, लेकिन कुर्राबंदी न होने के कारण करीब पंद्रह वर्षों से आपसी विवाद चला आ रहा था। इस दौरान कई बार कहासुनी और झगड़े हुए तथा मामला पुलिस तक भी पहुंचा।
स्थिति बिगड़ती देख लगभग दो वर्ष पूर्व गांव व गुहांड की संयुक्त पंचायत बुलाई गई।पंचायत में चारों भाइयों ने एक-एक पंच चुना। पंचों ने निष्पक्ष फैसले का भरोसा दिलाते हुए प्रत्येक भाई से एक-एक लाख रुपये जमानत के रूप में जमा कराए। यह शर्त रखी गई कि पंचायत का निर्णय न मानने वाले भाई की जमानत राशि अन्य भाइयों को दे दी जाएगी। पंच संसार, प्रवीण, बंटी और नीटू का कहना है कि उन्होंने बिना किसी भेदभाव के निर्णय दिया। तीन भाई कुर्राबंदी के लिए तैयार हो गए, जबकि तेजपाल ने बाद में आपत्ति जता दी। पंचों के अनुसार समझौते के तहत तेजपाल को करीब ढाई बीघा जमीन दिलवाई गई और उसका बैनामा भी कराया गया, लेकिन अब वह फैसले से मुकर रहा है। दूसरी ओर तेजपाल का आरोप है कि पंचायत का निर्णय पक्षपातपूर्ण था और उसके साथ अन्याय हुआ। उसने अपनी एक लाख रुपये की जमानत वापस मांगी, जो पंचों ने नहीं लौटाई।नाराज होकर तेजपाल गुरुवार सुबह आठ बजे से पंच नीटू के घर के बाहर गद्दा बिछाकर धरने पर बैठ गया। उसने चेतावनी दी है कि यदि रुपये वापस नहीं मिले तो उसकी पत्नी और बच्चे भी अन्य पंचों के घर धरना देंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




