सरकारी रास्ते पर अतिक्रमण को लेकर ग्रामीण महिला ने डीएम से लगाई गुहार
Shamli News - शामली के गांव लव्वादाऊदपुर की महिला संयोगिता शर्मा ने डीएम को शिकायत दी है कि उनके पड़ोसियों ने सरकारी रास्ते और ग्राम पंचायत की भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट और धमकी दी गई।

शामली। थाना झिझाना क्षेत्र के गांव लव्वादाऊदपुर की एक महिला ने पड़ोसियों द्वारा सरकारी रास्ते और ग्राम पंचायत की भूमि पर अवैध कब्जा किए जाने का आरोप लगाते हुए डीएम से शिकायत की है। अतिक्रमण के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को गांव लव्वादाऊदपुर निवासी संयोगिता शर्मा ने शिकायती पत्र देकर बताया कि उनके पड़ोसी संदीप उर्फ कल्लू, देवेन्द्र, योगेन्द्र, संदीप कुमार, बाबू, पंचम, शक्ति, सोनू, सुभाष और लाला उर्फ कुलदीप समेत अन्य लोगों ने सरकारी रास्ते और पंचायत की जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है। इससे न केवल उनके परिवार बल्कि अन्य ग्रामीणों के आने-जाने का रास्ता भी बाधित हो रहा है।
पीड़िता का आरोप है कि कई बार समझाने के बावजूद आरोपी अतिक्रमण हटाने को तैयार नहीं हैं। उल्टा विरोध करने पर उनके और उनके परिवार के साथ मारपीट, गाली-गलौच की गई तथा जान से मारने की धमकी भी दी गई। संयोगिता शर्मा ने जांच कर कार्यवाही की मांग की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


