धूमधाम से निकली बालाजी की भव्य शोभायात्रा, ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर किया स्वागत

Apr 06, 2026 12:23 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, शामली
share

Shamli News - रविवार को बाबरी गांव में भगवान बालाजी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा दुर्गा मंदिर से शुरू हुई और ग्रामीणों की बड़ी संख्या ने इसमें भाग लिया। झांकियों में राम लला, खाटू श्याम, और राधा-कृष्ण शामिल थे। भक्तों ने भक्ति भाव से जयकारे लगाए, प्रसाद वितरित किया गया, और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन तैनात रहा।

धूमधाम से निकली बालाजी की भव्य शोभायात्रा, ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर किया स्वागत

क्षेत्र के गांव बाबरी में रविवार को भगवान बालाजी की भव्य शोभायात्रा धूमधाम और श्रद्धा के साथ निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारम्भ दुर्गा मंदिर परिसर से हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन समाजसेवी अनोखेलाल पाल द्वारा फीता काटकर किया गया । इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामीण और युवक मौजूद रहे। शोभायात्रा में भगवान बालाजी के साथ-साथ राम लला, खाटू श्याम, राधा-कृष्ण सहित कई आकर्षक झांकियां शामिल रही , जिन्हें देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। झांकियों को सुंदर तरीके से सजाया गया था, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ जयकारे लगाते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए।

दुर्गा मंदिर से प्रारम्भ होकर शोभायात्रा गांव के प्रमुख मार्गों और बस्तियों से होकर गुजरी। रास्ते में जगह-जगह ग्रामीणों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भगवान बालाजी की आराधना की और श्रद्धा भाव से जयकारे लगाए। शोभायात्रा के दौरान माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।शोभायात्रा के दौरान रास्ते में प्रसाद वितरण किया गया जिसको बड़ी संख्या में ग्रामीणों द्वारा ग्रहण किया गया। डीजे की धुन पर बज रहे बालाजी के भजनों पर युवक झूमते और नाचते हुए नजर आए। वहीं महिलाएं और बुजुर्ग भी शोभायात्रा में श्रद्धा के साथ शामिल हुए और भगवान के दर्शन किए। पूरे मार्ग में भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। शोभायात्रा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाबरी पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा। पुलिसकर्मी पूरे मार्ग पर तैनात रहे और सुरक्षा व्यवस्था का ध्यान रखा, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से वापस दुर्गा मंदिर पर ही संपन्न हुआ। आयोजक बाला ज़ी युवा समिति के आलोक सिंघल ने बताया कि इस तरह के धार्मिक आयोजन समाज में भाईचारे और आस्था को मजबूत करते हैं। शोभायात्रा के समापन पर श्रद्धालुओं ने भगवान बालाजी से सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।