बरसात पहले ही बाढ़ नियंत्रण की तैयारियां पूरी करने के निर्देश
शामली में संभावित बाढ़ के मद्देनजर प्रशासन ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं। डीएम आलोक यादव की अध्यक्षता में बैठक में तटबंधों की सुरक्षा, जल स्तर की निगरानी, और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था पर चर्चा की गई। संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए ताकि बाढ़ के दौरान समुचित प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके।
शामली। जनपद में संभावित बाढ़ को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम आलोक यादव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए बाढ़ से पूर्व की कार्ययोजना पर विस्तृत समीक्षा की गई। डीएम निर्देश दिए कि बरसात के मौसम से पहले ही सभी तैयारियां पूरी कर ली जाए। बैठक में डीएम ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि तटबंधों व कटान प्रभावित स्थानों पर समय रहते बालू व बोरियों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जल स्तर बढ़ने-घटने की सूचना नियमित रूप से उपलब्ध कराने के लिए ड्रेनेज विभाग को जिम्मेदारी सौंपी गई।
नगर पालिका, नगर पंचायत व पंचायत राज विभाग को नालों की सफाई, जलभराव की निकासी तथा नगरीय क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्युत विभाग को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जर्जर तारों व पोलों को तत्काल हटाने के लिए कहा गया। डीएम ने बाढ़ के दौरान नाव व मोटरबोट की उपलब्धता सुनिश्चित करने, लाइफ जैकेट का आकलन करने तथा जरूरत के अनुसार व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। जिला आपूर्ति विभाग को पीडीएस प्रणाली के तहत बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में समय पर राशन व ईंधन उपलब्ध कराने के लिए कहा गया। लोक निर्माण विभाग को सड़कों व पुलियों की मरम्मत तथा वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को बाढ़ के दौरान फैलने वाली बीमारियों से निपटने के लिए दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखने और उसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया। पुलिस विभाग को बाढ़ चौकियों व शरणालयों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए। पेयजल व्यवस्था को लेकर जल निगम, नलकूप विभाग व पंचायत राज को हैंडपंपों की मरम्मत व रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में सीडीओ विनय कुमार तिवारी, एडीएम सत्येन्द्र सिंह आदि मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


