Shamli News: सेवा संकल्प अभियान के तहत ऊन में बहुउद्देशीय सेवा शिविर शुरू
Shamli News: शामली में सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड ऊन कार्यालय में पांच दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर का उद्घाटन किया गया। यह शिविर 5 से 9 अक्टूबर तक चलेगा और इसमें पात्र लोगों का पंजीकरण कर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। अधिकारियों ने लोगों से शिविर में भाग लेने की अपील की।

Shamli News: शामली। सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार से विकासखंड ऊन कार्यालय परिसर में पांच दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख ऊन रामपाल ने किया। शिविर में सरकारी योजनाओं से वंचित पात्र लोगों का पंजीकरण कर उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। खंड विकास अधिकारी ऊन सुधीर कुमार ने बताया कि शिविर का आयोजन पांच से नौ अक्टूबर तक किया जाएगा। इसका उद्देश्य ऐसे पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना है, जो किसी कारणवश अब तक योजनाओं का लाभ नहीं ले सके हैं। उन्होंने बताया कि इच्छुक लोग प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक शिविर में पहुंचकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि शिविर के माध्यम से पात्र लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनके आवेदन और पंजीकरण की प्रक्रिया में भी सहायता की जाएगी। अधिकारियों ने पात्र लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की।

