Shamli News: आग में जला ट्रांसफार्मर, खैलकलां की बिजली आपूर्ति बाधित
Shamli News: ईदगाह वाली मस्जिद के पास विद्युत ट्रांसफार्मर में आग लगने से मोहल्ला खैलकलां की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। आग की लपटें देखकर स्थानीय लोग निकल आए, घटनास्थल पर पुलिस और दमकलकर्मी पहुंचे। ट्रांसफार्मर की क्षति के चलते लोगों ने 17 घंटे तक बिजली संकट का सामना किया।

Shamli News: ईदगाह वाली मस्जिद के पास विद्युत ट्रांसफार्मर में आग लगने से मोहल्ला खैलकलां की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रांसफार्मर के समीप रखा कबाड़ भी उसकी चपेट में आने लगा। सूचना के बाद पुलिस और दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे तथा स्थानीय लोगों की मदद से आग को काबू किया गया। ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने के चलते शाम तक क्षेत्र के लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ा। घटना मंगलवार-बुधवार की रात करीब एक बजे की है। ईदगाह वाली मस्जिद के निकट रखे ट्रांसफार्मर में अचानक स्पार्किंग हुई। इसके बाद ट्रांसफार्मर धू-धूकर जलने लगा। आग की लपटें देखकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।
ट्रांसफार्मर के नजदीक कबाड़ कारोबारी आमिल का सामान रखा था, जिसमें भी आग पकड़ने लगी। पूर्व सभासद मेहरबान अंसारी ने पुलिस और दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी। इमामगेट चौकी प्रभारी जितेंद्र त्यागी पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों की सहायता से कबाड़ का सामान हटवाया। इससे आग को आसपास फैलने से रोकने में मदद मिली। दमकल वाहन के पहुंचने के बाद कर्मियों ने आग बुझाई। हादसे के बाद खैलकलां क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। बुधवार शाम छह बजे तक आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई थी। इससे करीब 17 घंटे से अधिक समय तक लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। विद्युत विभाग की टीम ट्रांसफार्मर की व्यवस्था और लाइन दुरुस्त करने में लगी रही। जेई अजय शर्मा ने बताया कि विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए विभागीय टीम काम कर रही है। प्रयास है कि रात करीब आठ बजे तक क्षेत्र की आपूर्ति सुचारु कर दी जाए।


