कलक्ट्रेट में भैंसवाल के किसानों का हंगामा, डीसीओ और मिल अफसरों को बंधक बनाया
Shamli News - भैंसवाल के किसानों ने गन्ना क्रय केंद्र से परिवहन भाड़ा बढ़ाए जाने के विरोध में कलक्ट्रेट में हंगामा किया। किसानों का कहना है कि शुगर मिल की दूरी 9 किलोमीटर है, लेकिन उनसे 18.5 किमी का किराया वसूला जा रहा है। किसानों ने अधिकारियों को बंधक बना लिया, लेकिन बाद में एसडीएम के आश्वासन पर मामला शांत हुआ।
गन्ना क्रय केंद्र से परिवहन भाड़ा बढ़ाए जाने के विरोध में भैंसवाल के किसानों ने कलक्ट्रेट में हंगामा कर धरना दिया। किसानों का कहना है कि भैंसवाल से शुगर मिल की दूरी नौ किलोमीटर है लेकिन इससे दोगुनी दूरी निर्धारित कर दो गुना किराया वसूला जा रहा है। मामला बढ़ता देख जिला गन्ना अधिकारी एवं मिल के अधिकारी किसानों के बीच पहुंचे तो गुस्साए किसानों ने उन्हें भी बंधक बना अपने बीच में बैठा लिया। बाद में एसडीएम न्यायिक समझाने बुझाने एवं समस्या के समाधान के आश्वासन पर मामला शांत हुआ। सोमवार भैंसवाल गांव के किसान शामली कलक्ट्रेट पहुंचे। भैंसवाल के गन्ना किसानों में परिवहन किराया बढ़ाए जाने को लेकर भारी आक्रोश जाहिर किया और डीएम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए।
जिला पंचायत सदस्य उमेश कुमार ने बताया कि गांव भैंसवाल की शामली शुगर मिल से दूरी जहां मात्र 9 किलोमीटर है, वहीं किसानों से 18.5 किमी का किराया वसूला जा रहा है। जिसको लेकर भैंसवाल का गन्ना सेंटर भी बंद रहा। इस दौरान किसानों के बीच पहुंचे डीसीओ रणजीत कुशवाहा, शामली शुगर मिल अधिकारी किसानों के बीच पहुंचे, लेकिन गुस्साए किसानों उन्हें अपने बीच में ही बैठा लिया। किसानों ने बताया कि गांव भैंसवाल से माजरा रोड से होता हुआ सीधा रास्ता शामली शुगर मिल का है, लेकिन इसका रूट बढाते हुए जिला प्रशासन ने गोहरनी बाईपास, कलक्ट्रेट चौराहा, एसटी तिराहा, मेरठ रोड से होता हुआ निकाला, जो अनावश्यक है। किसानों का कहना है कि सरकारी दर 5.40 प्रति क्विंटल परिवहन किराया निर्धारित है, जबकि उनसे 11.04 प्रति क्विंटल तक वसूला जा रहा है। बाद में एसडीएम न्यायिक हामिद हुसैन किसानों के बीच पहुंचे। उन्होंने डीएम की अध्यक्षता में सर्वे कराकर जांच रिपोर्ट किसानों के समक्ष प्रस्तुत करने का आश्वासन दिया। धरने की अध्यक्षता बाबा शोकेन्द ने की। इस अवसर पर देवराज पहलवान, योगेन्द्र पंवार, कविता चौधरी, कृष्णपाल सिंह, बिटटू, हरीश चौधरी, विनोद प्रमुख, हरिकिशन, उपेन्द्र खैवाल आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




