तहसील में गंदगी और अव्यवस्थाओं पर डीएम नाराज
Shamli News - कैराना में, डीएम आलोक यादव ने तहसील का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने गंदगी और अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए सुधार के निर्देश दिए। कई कार्यालयों में पुरानी फर्नीचर मिलने पर उन्हें बदलने का आदेश दिया गया। डीएम ने नगरपालिका का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कैराना। डीएम ने तहसील का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गंदगी और अव्यवस्थाओं पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगरपालिका का भी निरीक्षण किया। सोमवार को डीएम आलोक यादव ने कैराना तहसील के औचक निरीक्षण पर पहुंचे। जहां उन्होंने एसडीएम न्यायालय, आशु लिपिक कक्ष, आरसी कक्ष, राजस्व लिपिक एकल खिड़की, सभागार कक्ष, तहसीलदार न्यायालय, कंप्यूटर कक्ष व आपूर्ति निरीक्षक कार्यालय आदि का गहन निरीक्षण किया। कई कार्यालयों में पुराने एवं क्षतिग्रस्त फर्नीचर मिलने पर उन्होंने उन्हें सही कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर बदलवाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आपूर्ति निरीक्षक कार्यालय के सामने स्थित पुरुष शौचालय में गंदगी फैली मिलने तथा प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त न होने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि तहसील में आने वाले फरियादियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण मिलना चाहिए। वहीं, कानूनगो कार्यालय में मत्स्य विभाग से संबंधित फाइलों की जांच करते समय खेड़ा कुर्तान निवासी एक पट्टाधारक का मामला सामने आया। जांच में पता चला कि वर्ष 2018 से अब तक संबंधित व्यक्ति द्वारा मत्स्य पालन पट्टे की एक भी किस्त जमा नहीं की गई है। प्रति वर्ष छह हजार रुपये के हिसाब से करीब 60 हजार रुपये की बकाया राशि होने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए जल्द वसूली सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम शिवाजी यादव, एसडीएम न्यायिक, तहसीलदार अर्जुन सिंह, नायब तहसीलदार सतीश यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा डीएम ने नगरपालिका का भी निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


